ऐप्पल ने 11 नवंबर को अपने स्टोर कर्मचारियों को ओवरनाइट रिफ्रेश के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है, जिसके बाद नए प्रोडक्ट लॉन्च को लेकर कयास बढ़ गए हैं. माना जा रहा है कि HomePod mini और Apple TV के अपडेटेड वर्जन आ सकते हैं, हालांकि एक्सपर्ट्स इसे सिर्फ स्टोर डिस्प्ले बदलाव भी बता रहे हैं.
Apple November Launch Plan: ऐप्पल ने अपने स्टोर कर्मचारियों को 11 नवंबर की रातभर तैयारी के निर्देश दिए हैं, जिससे कयास तेज हो गए हैं कि कंपनी जल्द नए प्रोडक्ट पेश कर सकती है. यह निर्देश अमेरिका में स्टोर्स को दिया गया है और अनुमान है कि 12 नवंबर को HomePod mini और Apple TV के नए वर्जन लॉन्च हो सकते हैं. हालांकि कुछ इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स इसे केवल स्टोर डिस्प्ले रिफ्रेश मान रहे हैं, क्योंकि ऐप्पल साल के आखिर में आमतौर पर बड़े हार्डवेयर लॉन्च नहीं करती. सितंबर में iPhone 17 और अक्टूबर में नए iPad व MacBook आने के बाद अब नजर इस रिफ्रेश पर है.
क्या आ सकते हैं HomePod mini और Apple TV के नए वर्जन
पिछले महीने उम्मीद थी कि M5 चिप वाले iPad Pro और MacBook Pro के साथ ही HomePod mini और Apple TV के नए वर्जन भी लॉन्च होंगे. ऐप्पल ने तब केवल iPad और MacBook लाइनअप को अपडेट किया था जिस वजह से इन दो स्मार्ट होम प्रोडक्ट्स का इंतजार अभी जारी है. अब यह संभावना जताई जा रही है कि कंपनी 12 नवंबर को HomePod mini और Apple TV के अपग्रेडेड वर्जन पेश कर सकती है.
बीते कुछ समय से इन दोनों प्रोडक्ट्स को लेकर अफवाहें चल रही थीं. स्मार्ट होम सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए ऐप्पल के लिए इन डिवाइसों को अपडेट करना रणनीतिक रूप से अहम हो सकता है. अगर लॉन्च होता है तो यह हॉलिडे सीजन से पहले कंपनी को अतिरिक्त बढ़त दे सकता है.

टिम कुक के बयान से बढ़ी उलझन
ऐप्पल के सीईओ टिम कुक ने हाल ही में कहा था कि कंपनी की मौजूदा लाइनअप अब तक की सबसे दमदार है. इस बयान से यह संकेत भी मिला कि इस साल और कोई बड़ा लॉन्च नहीं होगा. कम्युनिटी में कई लोग इसे साफ संकेत मान रहे हैं कि नवंबर का ओवरनाइट रिफ्रेश केवल विजुअल अपडेट और नए प्रमोशनल मटेरियल से जुड़ा हो सकता है.
कंपनी पहले भी त्योहारों से पहले अपने स्टोर्स में विजुअल बदलाव करती रही है ताकि ग्राहक अनुभव बेहतर हो. ऐसे में इस बार भी नया स्टोर सेटअप, हॉलिडे थीम और डिस्प्ले अपडेट की अधिक संभावना है.
क्या ऐप्पल अपनी टाइमलाइन तोड़ेगी
ऐप्पल अपनी लॉन्चिंग टाइमलाइन को लेकर काफी सख्त रहती है और आमतौर पर नवंबर या दिसंबर में हार्डवेयर अपडेट नहीं करती. हालांकि बदलते बाजार और स्मार्ट होम सेगमेंट की मांग को देखते हुए कंपनी अगर स्टैंडर्ड पैटर्न से बाहर जाती है तो यह सरप्राइज साबित हो सकता है.
फिलहाल कंपनी की तरफ से किसी नए प्रोडक्ट लॉन्च की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐप्पल कम्युनिटी और इंडस्ट्री एनालिस्ट्स इस ओवरनाइट रिफ्रेश के बाद कंपनी की अगली चाल का इंतजार कर रहे हैं.











