Maharashtra Politics: सुनेत्रा पवार बनेंगी महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री, शपथ से पहले मुंबई पहुंचीं

महाराष्ट्र की राजनीति में ऐतिहासिक पल—सुनेत्रा पवार राज्य की पहली महिला उप मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। शपथ ग्रहण से पहले वे मुंबई पहुंचीं। जानिए सियासी मायने,

दिवंगत एनसीपी प्रमुख अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार आज महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। शपथग्रहण से पहले वह शनिवार सुबह अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं। 

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक पल सामने है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार आज महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रही हैं। शपथ ग्रहण से पहले वह शनिवार सुबह अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं और दक्षिण मुंबई स्थित अपने दिवंगत पति अजित पवार के आधिकारिक आवास ‘देवगिरी’ गईं। इस घटनाक्रम को राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

अजित पवार के निधन के बाद बड़ा राजनीतिक फैसला

एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के कद्दावर नेता अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती के पास हुए एक विमान हादसे में निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से राज्य की राजनीति में शून्य पैदा हो गया था। अब उसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उप मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। यह फैसला न केवल एनसीपी के लिए, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के लिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है।

62 वर्षीय सुनेत्रा पवार फिलहाल महाराष्ट्र विधानसभा या विधान परिषद की सदस्य नहीं हैं। इसके बावजूद पार्टी उन्हें उप मुख्यमंत्री पद के लिए आगे बढ़ा रही है। शनिवार दोपहर मुंबई में एनसीपी विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद शाम को वह उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।

एनसीपी के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ने पुष्टि की कि पार्टी के सभी विधायक इस फैसले के पक्ष में हैं और सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से नेता चुना जाएगा।

पवार परिवार और एनसीपी-एसपी को नहीं थी पूर्व जानकारी

इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर एक और अहम पहलू सामने आया है। एनसीपी (शरद पवार गुट) और पवार परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, उन्हें इस फैसले की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। अजित पवार के निधन के बाद दोनों एनसीपी गुटों के संभावित विलय की अटकलें तेज थीं, लेकिन सुनेत्रा पवार के महायुति सरकार में शामिल होने के फैसले से कई लोग चौंक गए। सूत्रों का कहना है कि शरद पवार और उनके परिवार के सदस्य इस निर्णय से अनजान थे, जिससे राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को बल मिला है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पूरे घटनाक्रम पर स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि एनसीपी को उप मुख्यमंत्री पद को लेकर जो भी फैसला लेना है, वह स्वतंत्र है और भाजपा उस फैसले का पूरा समर्थन करेगी। नागपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, हम अजित दादा के परिवार और एनसीपी के साथ खड़े हैं। जो भी निर्णय पार्टी लेगी, महायुति सरकार उसका समर्थन करेगी।

लोकसभा चुनाव से राज्यसभा तक का सफर

सुनेत्रा पवार ने लंबे समय तक खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा था। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने बारामती सीट से चुनाव लड़ा। यह मुकाबला बेहद प्रतिष्ठित माना गया, जहां उनका सामना अपनी भाभी और एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले से हुआ। इस चुनाव में सुनेत्रा पवार को हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद उन्हें राज्यसभा के लिए चुना गया, जिससे संसद में उनकी एंट्री हुई। अब उप मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के साथ उनका राजनीतिक कद और भी बढ़ गया है।

Leave a comment