एमएस धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने पर पत्नी साक्षी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने धोनी के लंबे क्रिकेट सफर को याद किया और उन फैंस का शुक्रिया अदा किया, जो सालों से माही का हौसला बढ़ाते आए हैं।
MS Dhoni Retirement 2026: आईपीएल में अब महेंद्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी देखने को नहीं मिलेगी। चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को उनके संन्यास की घोषणा कर दी। इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर धोनी की पुरानी तस्वीरें और मैचों के वीडियो शेयर किए जाने लगे। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ जुड़ी यादें ताजा कर रहे हैं। इसी बीच उनकी पत्नी साक्षी धोनी ने भी इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा कर उनके लिए भावुक संदेश लिखा।
साक्षी ने अपनी पोस्ट में उन लोगों का खास तौर पर धन्यवाद किया, जिन्होंने इतने लंबे समय तक धोनी को प्यार दिया। उन्होंने लिखा कि जिंदगी का एक अध्याय खत्म होने के साथ नए सफर की शुरुआत भी होती है। साक्षी ने पति पर गर्व जताते हुए आने वाले दिनों के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, धोनी अब आईपीएल में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स का साथ नहीं छोड़ेंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें आईपीएल 2027 से टीम के मेंटर की जिम्मेदारी देने का फैसला किया है।
धोनी के संन्यास पर साक्षी ने क्या लिखा?
धोनी के संन्यास की घोषणा के बाद साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पति की तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने उन लोगों को याद किया, जो इतने वर्षों से माही के साथ खड़े रहे। साक्षी ने लिखा कि कुछ सफर खत्म होने जरूरी होते हैं, ताकि जिंदगी में नई शुरुआत हो सके। उन्होंने धोनी के सभी चाहने वालों का धन्यवाद किया। साक्षी के मुताबिक, बहुत से ऐसे लोग हैं जिनसे उनकी कभी मुलाकात नहीं हुई, लेकिन उनका प्यार हमेशा परिवार तक पहुंचता रहा।
उन्होंने लिखा कि इतने सालों तक माही पर भरोसा करने और उनका हौसला बढ़ाने वाले हर व्यक्ति के लिए वह दिल से आभारी हैं। फैंस का यह प्यार उनके परिवार के लिए हमेशा खास रहेगा। पोस्ट के आखिर में साक्षी ने धोनी के जीवन में आने वाले नए अनुभवों और खूबसूरत यादों की बात की। पति के लिए उन्होंने लिखा, 'माही, तुम पर बहुत गर्व है। हमेशा रहेगा।'
साक्षी का यह संदेश सामने आते ही धोनी के चाहने वालों के बीच चर्चा में आ गया। कई फैंस के लिए यह पल भावुक करने वाला है। जिस खिलाड़ी को वे लगभग दो दशक से पीली जर्सी में देखते आए हैं, वह अब मैदान पर बल्लेबाजी करते दिखाई नहीं देगा।
धोनी ने भी वीडियो शेयर कर फैंस को किया याद
संन्यास के बाद धोनी ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उनके क्रिकेट सफर की कई पुरानी तस्वीरें दिखाई गईं। इसके बैकग्राउंड में 'मैं हर एक पल का शायर हूं' गाना सुनाई दिया। इस गाने ने लोगों को 15 अगस्त 2020 की याद दिला दी। उस दिन धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेते समय 'मैं पल दो पल का शायर हूं' गाने के साथ अपना विदाई वीडियो शेयर किया था।
इस बार धोनी ने अपने पोस्ट के जरिए फैंस को खास संदेश दिया। उन्होंने माना कि लोगों ने उन्हें गलत साबित कर दिया। उनका इशारा उस प्यार की तरफ था, जो इतने वर्षों बाद भी कम नहीं हुआ। धोनी के इस वीडियो पर क्रिकेट से जुड़े लोगों और फैंस ने अपनी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर उनकी कप्तानी, विकेटकीपिंग और आखिरी ओवरों में खेली गई शानदार पारियों को याद किया जा रहा है।
![]()
CSK छोड़कर नहीं जाएंगे धोनी, अब निभाएंगे नई जिम्मेदारी
धोनी ने भले ही खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल को अलविदा कह दिया हो, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स से उनका रिश्ता खत्म नहीं हुआ है। फ्रेंचाइजी ने बताया कि आईपीएल 2027 से धोनी टीम के मेंटर होंगे। वह अपने अनुभव से युवा खिलाड़ियों की मदद करेंगे और टीम की आगे की तैयारियों में योगदान देंगे। धोनी 2008 में आईपीएल की शुरुआत के समय से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, 2016 और 2017 में सीएसके पर प्रतिबंध लगने के कारण उन्हें राइजिंग पुणे सुपरजायंट की तरफ से खेलना पड़ा था।
चेन्नई की वापसी के बाद धोनी एक बार फिर टीम से जुड़े और अपनी कप्तानी में उसे कई बड़ी जीत दिलाईं। आईपीएल 2026 में फिटनेस की परेशानी के कारण धोनी कोई मुकाबला नहीं खेल सके थे। इसके बाद से ही उनके अगले सीजन में खेलने को लेकर सवाल पूछे जा रहे थे। अब फ्रेंचाइजी ने उनके भविष्य को लेकर तस्वीर साफ कर दी है।
पांच बार चेन्नई को जिताई आईपीएल ट्रॉफी
महेंद्र सिंह धोनी की गिनती आईपीएल के सबसे कामयाब कप्तानों में होती है। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीता। धोनी ने आईपीएल करियर में 278 मैच खेलकर 5,439 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट करीब 137.45 रहा। उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए और 264 छक्के भी जड़े।
धोनी की पहचान केवल उनकी बल्लेबाजी से नहीं बनी। विकेट के पीछे उनकी फुर्ती और मुश्किल समय में शांत रहकर फैसले लेने की आदत ने भी उन्हें अलग मुकाम दिलाया। चेन्नई के फैंस उन्हें प्यार से 'थाला' बुलाते हैं। चेपॉक स्टेडियम में धोनी के मैदान पर उतरते ही दर्शकों का शोर इस बात का एहसास कराता था कि टीम के समर्थकों के बीच उनकी कितनी खास जगह है।
अब धोनी की भूमिका बदलने जा रही है। मैदान पर मैच खत्म करने वाले माही अगले सीजन से युवा खिलाड़ियों को रास्ता दिखाएंगे। चेन्नई के प्रशंसकों के लिए राहत की बात यही है कि उनका पसंदीदा खिलाड़ी टीम से जुड़ा रहेगा।












