यूपी के राजनीतिक गलियारों से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने का एलान किया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार में एक बार फिर निजी जीवन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने का सार्वजनिक एलान किया है। यह जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा की, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल मच गई।
सोशल मीडिया पोस्ट में छलका प्रतीक यादव का दर्द
प्रतीक यादव के नाम से चल रहे इंस्टाग्राम अकाउंट से एक भावुक पोस्ट सामने आई, जिसमें उन्होंने लिखा कि वह अपर्णा यादव को “जल्द से जल्द तलाक देने जा रहे हैं।” पोस्ट में उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अपर्णा ने उनके परिवार के रिश्तों को नुकसान पहुंचाया है और वह केवल “मशहूर और असरदार” बनना चाहती हैं।
प्रतीक ने यह भी लिखा कि उनकी मेंटल हेल्थ इस समय काफी खराब है, लेकिन अपर्णा को इसकी कोई परवाह नहीं है। पोस्ट में उन्होंने खुद को बदकिस्मत बताते हुए कहा कि उन्हें इस शादी का पछतावा है। इस बयान ने न सिर्फ यादव परिवार बल्कि यूपी की राजनीति में भी नई बहस छेड़ दी है।

अपर्णा यादव की टीम का जवाब
इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव की टीम की ओर से तुरंत प्रतिक्रिया सामने आई है। टीम ने सोशल मीडिया पोस्ट को फर्जी बताते हुए दावा किया है कि प्रतीक यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है। टीम का कहना है कि अपर्णा यादव ने इस तरह के किसी बयान या तलाक संबंधी घोषणा की जानकारी नहीं दी है।
इस विरोधाभासी दावों के कारण मामला और अधिक उलझता नजर आ रहा है, और फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक कानूनी दस्तावेज या कोर्ट प्रक्रिया की पुष्टि नहीं हुई है।
2011 में हुई थी हाई-प्रोफाइल शादी
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी वर्ष 2011 में हुई थी, जो उस समय देश की सबसे चर्चित शादियों में से एक मानी गई। इस शादी में अनिल अंबानी, अमिताभ बच्चन सहित कई बड़े उद्योगपति और फिल्मी हस्तियां शामिल हुई थीं। खास बात यह भी है कि शादी से पहले दोनों करीब आठ साल तक दोस्त रहे थे, जिसकी जानकारी खुद अपर्णा यादव ने एक इंटरव्यू में दी थी।
अपर्णा यादव, जिनका पूरा नाम अपर्णा बिष्ट यादव है, ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की है। वहीं, प्रतीक यादव ने लीड्स यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम प्रथमा है। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं। प्रतीक व्यवसाय से जुड़े हैं और जिम सहित कई अन्य प्रोजेक्ट्स संचालित करते हैं।
अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और भाजपा से जुड़ी एक प्रमुख महिला नेता मानी जाती हैं। इसके अलावा वह समाजसेवा में सक्रिय हैं और एक सामाजिक संस्था भी चलाती हैं। अपर्णा को शास्त्रीय संगीत और लोक गायन में गहरी रुचि है।










