दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन में पार्सल सेवा शुरू करने की तैयारी है। एनसीआरटीसी ने ब्लू डार्ट एक्सप्रेस के साथ समझौता किया है, जिसके तहत पार्सल बुकिंग, डिलीवरी और संभावित मांग का अध्ययन किया जाएगा।
मेरठ: दिल्ली और मेरठ के बीच सफर करने वाले व्यापारियों और ग्राहकों के लिए जल्द पार्सल मंगाना आसान हो सकता है। एनसीआरटीसी ने नमो भारत कॉरिडोर पर Parcel Service की संभावनाएं तलाशने के लिए ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड के साथ समझौता किया है। कंपनी पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का अध्ययन करेगी और यह देखा जाएगा कि रोजाना कितने पार्सल की बुकिंग संभव है।
नमो भारत कॉरिडोर पर Parcel Service की तैयारी
दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के साथ अब व्यापारियों और ग्राहकों को भी नई सुविधा मिल सकती है। एनसीआरटीसी ने कॉरिडोर पर पार्सल सेवा शुरू करने की संभावनाओं का अध्ययन कराने के लिए ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड के साथ समझौता किया है।
इस अध्ययन में यह पता लगाया जाएगा कि नमो भारत कॉरिडोर पर पार्सल सेवा व्यावहारिक रूप से शुरू की जा सकती है या नहीं। इसके साथ ही रोजाना संभावित पार्सल बुकिंग की संख्या, दिल्ली और मेरठ के बीच मौजूदा सामान परिवहन व्यवस्था और नई सेवा की जरूरत का भी आकलन किया जाएगा।
समझौते पर एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और डीएचएल ई-कॉमर्स डिवीजन के सीईओ पाब्लो सियानो ने हस्ताक्षर किए हैं। प्रस्तावित सेवा सफल रहती है तो दिल्ली से मेरठ तक सामान भेजने और मंगाने के लिए व्यापारियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है।
स्टेशनों पर होगी बुकिंग और डिलीवरी की संभावना
पार्सल सेवा की योजना में सबसे अहम सवाल बुकिंग और डिलीवरी के स्थान को लेकर है। अध्ययन में यह भी देखा जाएगा कि यात्रियों और व्यापारियों को पार्सल की सुविधा नमो भारत के स्टेशनों पर ही दी जा सकती है या इसके लिए दुहाई और मोदीपुरम डिपो का इस्तेमाल करना अधिक व्यावहारिक होगा।
फिलहाल इस तरह की व्यावसायिक गतिविधि के लिए डिपो से सेवा शुरू करने की योजना पर विचार किया गया था। हालांकि, स्टेशन स्तर पर बुकिंग और डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध होने से ग्राहकों के लिए प्रक्रिया अधिक आसान हो सकती है।
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्री आवाजाही करते हैं। ऐसे में पार्सल सेवा शुरू होने पर छोटे व्यापारियों, ऑनलाइन कारोबार से जुड़े लोगों और निजी ग्राहकों को इसका फायदा मिलने की संभावना है। हालांकि, सेवा शुरू करने से पहले इसकी मांग, संचालन लागत और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था का अध्ययन किया जाएगा।
मेरठ को मिली मुंबई और गुजरात के लिए नई रेल कनेक्टिविटी
इसी बीच मेरठ के रेल यात्रियों के लिए भी नई सुविधाओं को मंजूरी मिली है। रेलवे ने मेरठ से जुड़ी दो और मेरठ होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनों के संचालन की स्वीकृति दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में सांसद अरुण गोविल को पत्र भेजकर जानकारी दी है।
ट्रेन संख्या 12216/12215 गरीब रथ एक्सप्रेस को बांद्रा टर्मिनस और दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच मौजूदा संचालन से आगे बढ़ाकर हरिद्वार तक विस्तारित किया गया है। इसके वाया मेरठ संचालन से शहर के यात्रियों को मुंबई के लिए एक अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिलेगा। वर्तमान में मेरठ से मुंबई के लिए तीन ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जिनमें कुछ सेवाएं सप्ताह में सीमित दिनों पर चलती हैं।
इसके अलावा हरिद्वार से गुजरात के वेरावल के बीच नई ट्रेन संख्या 14326/14325 के संचालन को भी मंजूरी दी गई है। वेरावल सोमनाथ जिले में स्थित है, जिससे इस सेवा के शुरू होने पर यात्रियों को सोमनाथ जाने के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
गुजरात के ओखा के लिए भी ट्रेन संख्या 14328/14327 चलाने की मंजूरी दी गई है। इन सेवाओं से मेरठ और आसपास के यात्रियों को पश्चिम भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध होंगे।












