National Bank Open 2025: विक्टोरिया मबोको ने रिबाकिना को हराकर रचा इतिहास, फाइनल में नाओमी ओसाका से भिड़ंत

National Bank Open 2025 में विक्टोरिया मबोको ने एलेना रिबाकिना को हराकर सभी को चौंका दिया है। अब फाइनल में उनका मुकाबला ग्रैंड स्लैम चैंपियन नाओमी ओसाका से होगा

कनाडा की युवा टेनिस खिलाड़ी विक्टोरिया मबोको ने नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट में तहलका मचा दिया है। मात्र 18 साल की उम्र में मबोको ने सेमीफाइनल में नौवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी एलिना रिबाकिना को कड़े मुकाबले में 1-6, 7-5, 7-6 (4) से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।

स्पोर्ट्स न्यूज़: नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट 2025 में कनाडा की 18 वर्षीय टेनिस सनसनी विक्टोरिया मबोको ने टेनिस जगत को चौंकाते हुए डब्ल्यूटीए वर्ल्ड नंबर 9 और विंबलडन चैंपियन एलेना रिबाकिना को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह उनकी करियर की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। अब उनका सामना चार बार की ग्रैंडस्लैम विजेता जापान की नाओमी ओसाका से होगा।

रिबाकिना को दी करारी मात

सेमीफाइनल मुकाबले में मबोको ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए 1-6, 7-5, 7-6 (4) से रिबाकिना को हराया। पहले सेट में बुरी तरह हारने के बाद मबोको ने दूसरा सेट 7-5 से जीता और तीसरे सेट में दो बार ब्रेक प्वाइंट बचाते हुए टाईब्रेकर तक मैच को खींचा। टाईब्रेकर में आत्मविश्वास से भरी मबोको ने मुकाबले पर कब्जा कर लिया।

National Bank Open 2025: विक्टोरिया मबोको ने रिबाकिना को हराकर रचा इतिहास, फाइनल में नाओमी ओसाका से भिड़ंत

मबोको के इस प्रदर्शन ने न सिर्फ घरेलू दर्शकों को रोमांचित किया बल्कि कनाडाई टेनिस इतिहास में भी उन्हें एक खास स्थान दिलाया है। मबोको की डब्ल्यूटीए रैंकिंग 85 है और अगर वह यह खिताब जीतती हैं, तो वह ओपन एरा में अपने घरेलू टूर्नामेंट (नेशनल बैंक ओपन) को जीतने वाली केवल तीसरी कनाडाई खिलाड़ी बन जाएंगी। इससे पहले फेय अर्बन (1969) और बियांका आंद्रेस्कू (2019) ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

जीत के बाद मबोको ने कहा, यह मेरे करियर का सबसे कठिन और अविस्मरणीय मैच था। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करती हूं जिन्होंने मेरा साथ दिया। यह साबित करता है कि कुछ भी संभव है।

फाइनल में अब नाओमी ओसाका की चुनौती

फाइनल में मबोको का सामना जापान की स्टार खिलाड़ी नाओमी ओसाका से होगा, जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में डेनमार्क की क्लारा टॉसन को 6-2, 7-6 (7) से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। ओसाका इस टूर्नामेंट में पहली बार फाइनल में पहुंची हैं और 2022 मियामी ओपन के बाद से यह उनका सर्वश्रेष्ठ डब्ल्यूटीए 1000 प्रदर्शन है।

National Bank Open 2025: विक्टोरिया मबोको ने रिबाकिना को हराकर रचा इतिहास, फाइनल में नाओमी ओसाका से भिड़ंत

ओसाका ने कहा: टॉसन के खिलाफ मुकाबला मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मैं अपने गेम पर फोकस बनाए रखने में सफल रही। अब फाइनल को लेकर उत्साहित हूं। ओसाका अपने करियर का आठवां खिताब और 2021 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद पहला बड़ा टाइटल जीतने की तलाश में हैं।

पुरुष वर्ग में खचानोव ने ज्वेरेव को किया बाहर

पुरुष सिंगल्स वर्ग में रूस के 11वीं वरीयता प्राप्त केरन खचानोव ने बड़ी उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मन खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 4-6, 7-6 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब खचानोव का सामना अमेरिकी खिलाड़ियों टेलर फ्रिट्ज और बेन शेल्टन के बीच होने वाले ऑल-अमेरिकन सेमीफाइनल के विजेता से होगा। 29 वर्षीय खचानोव अब तक एटीपी टूर पर 7 खिताब जीत चुके हैं। उन्होंने इस मुकाबले में गजब की स्थिरता और अनुभव दिखाया।

Leave a comment