नरेश मीणा पर हमला, नाराज समर्थकों का पथराव; भाया समर्थक पूर्व सरपंच की कार जलाई

बारां में नरेश मीणा पर हमला, समर्थकों ने पथराव कर पूर्व सरपंच की कार जलाई। पुलिस ने स्थिति काबू में की, धरना स्थगित, कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बारां में नरेश मीणा पर हुए हमले के बाद उनके समर्थकों ने पथराव और आगजनी की। घटना से इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने हालात संभालते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना स्थगित किया गया।

Rajasthan: जानकारी के अनुसार नरेश मीणा शनिवार को आखेड़ी गांव में एक परिचित के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने अचानक उनकी गाड़ी को घेर लिया और हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्थरबाजी करते हुए गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।

हालांकि इस हमले में नरेश मीणा को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले के बाद नरेश मीणा तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और मामले की जानकारी अपने समर्थकों और पुलिस को दी।

समर्थकों का आरोप

घटना के बाद नरेश मीणा के समर्थकों ने आरोप लगाया कि हमला अंता विधायक प्रमोद जैन भाया के समर्थक माने जाने वाले पूर्व सरपंच तोलाराम के बेटे और उसके साथियों ने किया। समर्थकों का कहना है कि यह हमला सुनियोजित था और इसके पीछे राजनीतिक रंजिश हो सकती है।

इस आरोप के बाद माहौल और ज्यादा गरमा गया। बड़ी संख्या में समर्थक गांव आखेड़ी और आसपास के इलाकों में एकत्र हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

पूर्व सरपंच के घर पथराव

हमले से आक्रोशित नरेश मीणा के समर्थकों ने पूर्व सरपंच तोलाराम के घर पर पथराव किया। इसी दौरान घर के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी गई। आगजनी की घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। आग बुझाने के लिए दमकल को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को खदेड़ा और भीड़ को तितर-बितर किया।

नरेश मीणा एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे

हमले के बाद नरेश मीणा अपने समर्थकों के साथ जिला एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि या तो एसपी को बदला जाए या फिर हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

नरेश मीणा ने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। धरने के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। अतिरिक्त थानों से भी पुलिस जाब्ता बुलाया गया ताकि हालात और न बिगड़ें। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment