मोहनलाल ने फिल्ममेकर विष्णु मोहन के साथ अपनी अगली फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह दोनों का साथ में पहला प्रोजेक्ट होगा। विष्णु मोहन ने नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म ‘मेप्पाडियन’ का निर्देशन किया था, जिसमें उन्नी मुकुंदन मुख्य भूमिका में नजर आए थे।
Operation Ganga Movie: दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्मों की लिस्ट में एक और बड़े प्रोजेक्ट का ऐलान कर दिया है। अभिनेता ने फिल्ममेकर विष्णु मोहन के साथ अपनी नई फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’ की आधिकारिक घोषणा की है। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। खास बात यह है कि पोस्टर में किसी मुख्य कलाकार का चेहरा नहीं दिखाया गया है, बल्कि एक विशाल प्रतिमा और फाइटर जेट के जरिए फिल्म के संभावित विषय की झलक दी गई है।
मोहनलाल और विष्णु मोहन पहली बार साथ
‘ऑपरेशन गंगा’ मोहनलाल और निर्देशक विष्णु मोहन का पहला साझा प्रोजेक्ट है। विष्णु मोहन ने बतौर निर्देशक ‘मेप्पडियान’ से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। साल 2022 में रिलीज हुई इस मलयालम फिल्म में उन्नी मुकुंदन मुख्य भूमिका में नजर आए थे। ‘मेप्पडियान’ के लिए विष्णु मोहन को 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का सम्मान मिला था। ऐसे में अब उनका मोहनलाल जैसे बड़े स्टार के साथ काम करना इस प्रोजेक्ट को और खास बनाता है।
‘ऑपरेशन गंगा’ के पोस्टर ने खींचा ध्यान
मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा किया है। पोस्टर में एक बड़े शहर के बीचोंबीच महिला की विशाल प्रतिमा नजर आती है। प्रतिमा के एक हाथ में तलवार और दूसरे में ढाल दिखाई गई है। इसके आसपास बादलों का घना घेरा है, जबकि प्रतिमा के पास एक फाइटर जेट भी दिखाई देता है।
पोस्टर का पूरा विजुअल फिल्म को गंभीर और बड़े पैमाने की कहानी के रूप में पेश करता है। तलवार, ढाल और लड़ाकू विमान जैसे प्रतीकों ने दर्शकों के बीच फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। पोस्टर पर फिल्म का नाम ‘ऑपरेशन गंगा’ प्रमुखता से लिखा गया है। इसके साथ ‘A Nation’s Promise’ टैगलाइन भी दी गई है। हालांकि, इन विजुअल संकेतों के बावजूद मेकर्स ने अभी तक फिल्म की कहानी या इसके किरदारों की भूमिका से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
![]()
अर्जुन रामपाल और भाग्यश्री बोर्से भी फिल्म का हिस्सा
‘ऑपरेशन गंगा’ में मोहनलाल के साथ कई चर्चित कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कास्ट में अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, पार्थिबन और आदिल हुसैन के नाम शामिल हैं। इससे साफ है कि फिल्म में अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों का बड़ा कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी शाश्वत सचदेव को दी गई है।
शाश्वत को ‘धुरंधर’ के संगीत से भी पहचान मिली है। फिल्म की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने उनके जुड़ने पर प्रतिक्रिया दी। दर्शकों को उम्मीद है कि फिल्म का म्यूजिक इसके एक्शन और बड़े पर्दे वाले अनुभव को और प्रभावी बनाएगा।
रिलीज डेट का अभी इंतजार
‘ऑपरेशन गंगा’ विष्णु मोहन के निर्देशन में बनने वाली दूसरी फीचर फिल्म है। उनकी पहली फिल्म ‘मेप्पडियान’ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। अब मोहनलाल जैसे अनुभवी अभिनेता के साथ उनका नया प्रोजेक्ट चर्चा में है। फिल्म के फर्स्ट-लुक पोस्टर से इसकी भव्यता और संभावित एक्शन स्केल का अंदाजा जरूर लगाया जा सकता है, लेकिन कहानी की वास्तविक दिशा फिलहाल रहस्य में है।
मेकर्स ने अभी ‘ऑपरेशन गंगा’ की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है। फिल्म कब सिनेमाघरों में आएगी और मोहनलाल किस तरह की भूमिका में नजर आएंगे, इसका खुलासा आने वाले समय में होने की उम्मीद है।











