सीकर के रानोली में एक युवक पार्सल देने का बहाना बनाकर घर में घुसा और अकेली महिला को आधे घंटे तक बंधक बनाकर चाकू की नोक पर बालियां और मंगलसूत्र लूट लिया। छीना-झपटी में बालियां खींचने से महिला के कान तक कट गए।
Rajasthan: सीकर जिले के रानोली कस्बे की कटारिया गली स्टेशन रोड पर गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे एक हैरान कर देने वाली घटना हुई। 54 वर्षीय रेखा देवी घर पर अकेली थीं। तभी एक युवक पार्सल देने का बहाना बनाकर घर में आया। युवक ने पहले दरवाजा खटखटाया और रेखा देवी के बेटे ‘लक्की’ का नाम लेकर आवाज लगाई। इससे रेखा देवी को भरोसा हो गया कि शायद कोई डिलीवरी वाला आया हो।
जैसे ही महिला बाहर आई, युवक ने कहा,’थकान हो रही है, चाय पिला दीजिए।‘ इतना कहकर वह घर के अंदर घुस गया। अंदर आते ही उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अकेलेपन का फायदा उठाकर रेखा देवी पर हमला कर दिया।
आधे घंटे तक बंधक बनी रही महिला
एडिशनल SP दीपक गर्ग के अनुसार यह वारदात पूरी तरह रेकी करके की गई। आरोपी पहले से जानता था कि महिला शाम के समय घर पर अकेली रहती हैं। घर में घुसते ही उसने रेखा देवी के दोनों हाथ रस्सी से बांध दिए और चाकू दिखाकर धमकाया।
इसके बाद युवक ने उनकी कानों की बालियां जोर से खींच लीं। छीना-झपटी में बालियां इतने जोर से खींची गईं कि रेखा देवी के कान से खून निकलने लगा और कान जख्मी हो गए। इसी दौरान वह गले का मंगलसूत्र भी तोड़कर ले गया। इस पूरी घटना के दौरान महिला बेहद डरी हुई थीं और लगातार आरोपी के अत्याचार सहती रहीं।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी करीब आधे घंटे तक घर में रुका रहा। उसने घर का हर कोना देखकर जांचा कि कहीं और कोई कीमती सामान तो नहीं रखा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गहनों के अलावा घर से और क्या सामान चोरी हुआ है। पुलिस इसके लिए अलग से लिस्ट तैयार करवा रही है।
महिला ने किसी तरह खोले हाथ
आरोपी के फरार होने के बाद रेखा देवी ने बड़ी मुश्किल से अपने हाथों की रस्सी खोली और जोर-जोर से शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल SP दीपक गर्ग और दांतारामगढ़ CO कैलाश कंवर भी मौके पर पहुंचे।
महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें रानोली से सीकर अस्पताल रेफर किया गया। चेहरे और कान पर गहरी चोटों के कारण उन्हें बोलने में भी परेशानी हो रही है।
बेटे का नाम लेकर बुलाया
महिला के पति मनोज जैन ने बताया कि युवक ने घर में घुसने से पहले उनके बेटे लक्की का नाम लिया, जिससे उनकी पत्नी को विश्वास हो गया और उसने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद युवक ने चाय मांगकर अंदर आने का रास्ता बना लिया और फिर पूरी वारदात को अंजाम दे दिया।
मनोज के अनुसार, उनकी पत्नी के चेहरे पर कई जगह चोटें हैं और गले पर सूजन है। घटना के सदमे से वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही हैं।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी का फुटेज रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में आरोपी हेलमेट पहने नजर आ रहा है, जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो रहा है। पुलिस अब आसपास के सभी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
रानोली थानाधिकारी रामलाल ने बताया कि इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में डिलीवरी ब्वॉय या पार्सल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।










