पंजाब के फरीदकोट में एक दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें पत्नी और उसके प्रेमी ने पति की जान ले ली। पुलिस जांच में पता चला कि जहर देने की योजना सफल न होने पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति का गला दबाकर हत्या की।
पंजाब: पंजाब के फरीदकोट में एक हैरान कर देने वाला हत्या मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पत्नी रूपिंदर कौर ने अपने प्रेमी हरकंवल के साथ मिलकर पति गुरविंदर सिंह की हत्या की। शुरुआती योजना के तहत जहर दिया गया, लेकिन इसका असर न होने पर दोनों ने गला दबाकर हत्या को अंजाम दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, गुरविंदर की मौत सांस रुकने से हुई।
हत्या के दौरान पति पर शारीरिक अत्याचार
पुलिस के मुताबिक, हत्या के समय रूपिंदर ने पति के हाथ पकड़ रखे थे, जबकि हरकंवल ने पीछे से बांह पकड़कर उसका गला दबाया। मृतक ने तड़पते हुए हाथ छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन पत्नी ने उसे नहीं छोड़ा। पोस्टमॉर्टम में गुरविंदर के शरीर पर 10 से 12 चोटों के निशान पाए गए।
हत्या के बाद हरकंवल अपने दोस्त विश्वदीप के साथ चंडीगढ़ भाग गया। बाद में, जब पुलिस ने उसके पिता को घर से लेकर गई, तब आरोपी ने अदालत में सरेंडर किया।
दोस्त ने मर्डर की बात से किया इनकार
हरकंवल के दोस्त विश्वदीप ने पुलिस को बताया कि उसे हत्या की योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। रूपिंदर के घर से निकलने के बाद उसने मृतक की शर्ट ले ली, जिसे बाद में रास्ते में फेंक दिया। उसके अनुसार, उसने केवल मारपीट देखी थी। चंडीगढ़ आने के बाद आरोपी ने रात और सुबह शराब पी।
जांच में सामने आए गंभीर सबूत
थाना सदर फरीदकोट प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पत्नी ने पहले लूट का शोर मचाकर हत्या का इरादा छुपाने की कोशिश की। बेडरूम में जांच के दौरान पता चला कि कपड़े जमीन पर थे, लेकिन उनकी तह नहीं खुली थी। अलमारी के केवल कुछ दराज खुले मिले।
पुलिस ने रूपिंदर का मोबाइल फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा। जांच में पता चला कि वह क्राइम सीरीज़ देखती थी, जिससे पुलिस को शक है कि उसने हत्या की योजना और तरीका इसी से सीखा। इसके अलावा, इंस्टाग्राम रील्स की शौकीन रूपिंदर ने शरीर पर कई जगह टैटू बनवाए हुए थे।
हत्या की योजना पहले से बनी
रूपिंदर के ससुर ने दावा किया कि उन्हें जानबूझकर कनाडा में भेजा गया था ताकि पत्नी और प्रेमी हत्या की योजना बना सकें। पुलिस के अनुसार, रूपिंदर और हरकंवल ने हत्या की योजना पहले से बना रखी थी और सावधानीपूर्वक अंजाम दिया।









