PM Modi के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, 10 नदियों का जल लेकर काशी पहुंचे 500 बाइकर्स

PM Modi के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर वडनगर से 500 बाइकर्स काशी पहुंचे। 10 नदियों का जल लाकर श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प बाइक यात्रा काशी पहुंची। वडनगर से 10 पवित्र नदियों का जल लेकर 500 यात्री आए हैं, जिससे श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से निकली बाइक यात्रा मंगलवार को काशी पहुंची। 250 बाइकों पर सवार करीब 500 यात्री 10 पवित्र नदियों और शर्मिष्ठा तालाब का जल लेकर वाराणसी पहुंचे। इस जल से श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधारोपण और नशामुक्ति जैसे सामाजिक संदेश भी दिए गए।

वडनगर से 10 नदियों का जल लेकर काशी पहुंचे 500 यात्री

सेवा संकल्प बाइक यात्रा में 500 यात्री 250 बाइकों पर सवार होकर 25-25 लोगों के समूह में अलग-अलग मार्गों से काशी के लिए रवाना हुए थे। यात्रा 10 राज्यों से होकर गुजरी और विभिन्न जिलों तथा गांवों में लोगों से संवाद करते हुए वाराणसी पहुंची।

यात्रियों का जौनपुर, भदोही, चंदौली, मीरजापुर और प्रयागराज समेत विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। काशी पहुंचने के बाद सभी यात्री कैंट क्षेत्र स्थित होटल डी-पेरिस पहुंचे।

रास्ते में किए सेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रम

यात्रा के दौरान यात्रियों ने करीब 25 पड़ावों पर रुककर विभिन्न सेवा कार्यों में हिस्सा लिया। इनमें पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम शामिल रहे।

आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े 25 वर्षों के कार्यों और संकल्पों को लोगों तक पहुंचाना भी रहा। यात्रा के दौरान सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

10 नदियों और शर्मिष्ठा तालाब का जल लाए

बाइक यात्री गुजरात की 10 प्रमुख नदियों के साथ शर्मिष्ठा तालाब का जल लेकर काशी पहुंचे हैं। इसमें नर्मदा, साबरमती, माही, गोमती, विश्वामित्री, तापी, बनास, क्षेत्रुंजी, अजी और पंबा नदियों का जल शामिल है।

इन सभी पवित्र जल को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अर्पित कर जलाभिषेक किया जाएगा। आयोजकों ने इसे देश के अलग-अलग हिस्सों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने वाली पहल बताया है।

तिरुपति से भी 25 युवा बाइकर्स पहुंचे काशी

सेवा संकल्प अभियान के तहत तिरुपति से भी 25 युवा बाइकर्स काशी पहुंचे। इन युवाओं ने करीब 2,000 किलोमीटर की यात्रा पांच राज्यों से होकर पूरी की। यात्रा का उद्देश्य युवा भागीदारी, सेवा, आध्यात्मिकता, विकास और राष्ट्रीय एकात्मता का संदेश देना रहा।

यात्रियों ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होकर यात्रा की। रास्ते में श्रीकालहस्ती, विजयवाड़ा के कनक दुर्गा मंदिर, भद्राचलम के श्रीराम मंदिर और महाराष्ट्र के चंपा आश्रम शांति धाम समेत कई धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।

सांस्कृतिक एकता का संदेश देने का दावा

राज्यसभा सदस्य विजय चिंताकायला ने यात्रा को भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत की कृष्णा और गोदावरी जैसी नदियों का जल उत्तर भारत की गंगा तक पहुंचना देश की साझा सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाता है।

यात्रा से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग समूहों ने करीब 2,000 किलोमीटर की दूरी तय की। अभियान के दौरान यात्राएं 10 राज्यों, 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरीं। इस दौरान 12,849 पौधारोपण, 173 स्वच्छता कार्यक्रम और 1,441 अन्य सेवा गतिविधियां किए जाने का दावा किया गया है।

Leave a comment