पंजाब की भगवंत मान सरकार ने सोमवार (22 सितंबर) को बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि 23 सितंबर से ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ के तहत तरनतारन और बरनाला जिलों में रजिस्ट्रेशन शुरू होगा।
चंडीगढ़: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने प्रदेशवासियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार (22 सितंबर) को घोषणा की कि कल यानी 23 सितंबर से ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ के तहत तरनतारन और बरनाला जिलों में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। योजना का मुख्य उद्देश्य पंजाब के नागरिकों को मुफ़्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
योजना के तहत कौन-कौन से अस्पताल होंगे शामिल
मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों के अनुसार, तरनतारन और बरनाला जिलों में 2-3 दिन के विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जिनमें स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएंगे। इन जिलों में रजिस्ट्रेशन का कार्य 10-12 दिनों में पूरा होने के बाद बाकी जिलों में भी यह प्रक्रिया शुरू होगी। इस स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से पंजाब के हर नागरिक को अत्याधुनिक इलाज और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के अंतर्गत राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ अधिकतम प्राइवेट अस्पताल भी इस योजना में शामिल किए जाएंगे। इस कार्ड के जरिए लोगों को 2000 स्वास्थ्य सेवाओं का मुफ़्त और बेहतर इलाज प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी। योजना के तहत गंभीर बीमारियों से लेकर सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं तक सभी को कवर किया जाएगा।
राशन कार्ड को लेकर भी बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राशन कार्ड से जुड़ी जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के राशन कार्ड काटने को लेकर राज्य सरकार ने 6 महीने का समय मांगा है, ताकि किसी भी जरूरतमंद का कार्ड कटने न पाए। उन्होंने स्पष्ट किया, हम किसी भी गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति का चूल्हा बुझने नहीं देंगे। हमारी सरकार में किसी भी नागरिक का अधिकार प्रभावित नहीं होगा।