प्रयागराज: जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सोमवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, भीरपुर बाजार निवासी सर्राफा व्यापारी चंदन सोनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोड़ेडीह नहर पुलिया के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और आभूषणों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर गिर पड़ा। बदमाश आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बैग में चांदी के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।









