Columbus

प्रज्वल रेवन्ना को सजा का इंतजार, 48 वर्षीय महिला मेड से रेप केस में ठहराए गए दोषी

प्रज्वल रेवन्ना को सजा का इंतजार, 48 वर्षीय महिला मेड से रेप केस में ठहराए गए दोषी

पूर्व सांसद और जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना को 48 वर्षीय महिला मेड के साथ यौन शोषण के गंभीर मामले में दोषी ठहराया गया है। शुक्रवार को विशेष अदालत के जज संतोष गजानन भट ने उन्हें दोषी करार दिया। रेवन्ना पर कई महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप हैं और उनके 2000 से अधिक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। हासन से पूर्व सांसद रेवन्ना की सजा का ऐलान कुछ ही देर में किया जाएगा।

गंभीर आरोप और दर्ज़ धाराएं

यह मामला हासन जिले के गन्निकाडा गेस्ट हाउस में हुआ था, जहां रेवन्ना ने परिवार की 48 वर्षीय महिला मेड के साथ यौन शोषण किया। आरोप है कि उन्होंने इस वारदात को अपने मोबाइल फोन पर भी रिकॉर्ड किया। विशेष जांच दल (SIT) ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(के) और 376(2)(एन) के साथ आईटी एक्ट की धारा 66ई समेत कई गंभीर धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है।

दो स्थानों पर हुआ दुष्कर्म

अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि पीड़िता के साथ 2021 में दो बार दुष्कर्म किया गया था—पहली बार हासन स्थित उनके आवास पर और दूसरी बार बेंगलुरु स्थित आवास पर। चार्जशीट में 113 गवाहों के बयान दर्ज हैं, जिन्होंने मामले की गंभीरता को विस्तार से बताया। इस बहुचर्चित मामले की सुनवाई 18 जुलाई को पूरी हुई थी और अब सजा का ऐलान होना बाकी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए आपत्तिजनक वीडियो

प्रज्वल रेवन्ना चार यौन उत्पीड़न मामलों में मुख्य आरोपी हैं। ये मामले तब उजागर हुए जब महिलाओं के साथ उनके 2000 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर वायरल हुए। पहली शिकायत अप्रैल 2023 में दर्ज की गई थी, जिसने राजनीतिक और सामाजिक रूप से इस मामले को हाइप में ला दिया। इस कांड ने देश भर में महिला सुरक्षा और राजनीति में नैतिकता को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

Leave a comment