कोटपूतली-बहरोड़ के CRPF जवान कर्मवीर यादव (39) का 9 दिसंबर को निधन हो गया। उन्हें कुछ घंटे पहले ही कॉन्स्टेबल से हेड कॉन्स्टेबल का प्रमोशन मिला था। उनकी मौत की खबर से परिवार और साथी जवान सदमे में हैं।
Rajasthan: गंडाला गांव निवासी कर्मवीर यादव 2007 में CRPF में ड्राइवर के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग मणिपुर के इंफाल रांगोली में थी। उनकी मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार सदमे में आ गया। उनकी मां माया देवी और पत्नी उषा देवी बेसुध हो गईं।
कर्मवीर के छोटे भाई जोनी उर्फ नरवीर ने बताया कि बुधवार को उनका पार्थिव शरीर घर आना था, लेकिन इंडिगो की फ्लाइट दो बार कैंसिल होने के कारण देरी हो रही है।
रात को ड्यूटी से लौटने के बाद हुई अचानक मौत
CRPF की 189 बटालियन के आरओ इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि कर्मवीर यादव रात करीब 10 बजे ड्यूटी से लौटकर खाना खा चुके थे और आराम करने गए थे। उसी समय एक साथी जवान ने उन्हें आवाज दी, लेकिन वे बेहोशी की हालत में पाए गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीआरपीएफ के ASI बृजमोहन ने नरवीर को फोन किया, लेकिन वे कॉल अटेंड नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने कर्मवीर की पत्नी उषा देवी को फोन किया। पति के निधन की खबर सुनते ही उषा देवी बेसुध हो गईं और उन्हें डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है।
प्रमोशन की खुशी
कर्मवीर 20 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आए थे। उन्हें 5 दिसंबर को ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने के कारण 8 दिसंबर को घर से ड्यूटी पर पहुंचे। 9 दिसंबर को उन्हें प्रमोशन मिला और उन्होंने घर पर माता-पिता, पत्नी और बेटे निवेश से इस खुशखबरी को साझा किया।
CRPF के जवानों के अनुसार, गुरुवार को कर्मवीर का पार्थिव शरीर दिल्ली लाया जाएगा, जहां CRPF मुख्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को गंडाला (बहरोड़) लाया जाएगा और रात में थाने में रखा जाएगा। शुक्रवार सुबह सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।










