पटना में परमानंद यादव पर पुलिस का एनकाउंटर, 24 से ज्यादा संगीन मामलों में आरोपी शामिल

पटना में परमानंद यादव पर पुलिस का एनकाउंटर, 24 से ज्यादा संगीन मामलों में आरोपी शामिल

पटना में STF ने लॉरेंस गैंग के शूटर परमानंद यादव को मुठभेड़ में घायल कर पकड़ा। 20 KM पीछा चला। आरोपी के पैर में गोली लगी। बिहार-झारखंड में उस पर 24 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।

Bihar: पटना पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बिहार प्रभारी परमानंद यादव राजधानी पटना में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने पहुंचा है। सूचना मिलते ही STF और बेऊर थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार के मुताबिक, बुधवार देर रात बेऊर थाना पुलिस ने कुछ संदिग्ध बदमाशों को पकड़ा था। 

इसी दौरान एक अपराधी पुलिस को चकमा देकर जहानाबाद की ओर भाग निकला। पुलिस को शक था कि वही कुख्यात शूटर परमानंद यादव है। इसके बाद STF की टीम ने तुरंत पीछा शुरू कर दिया और मसौढ़ी थाना पुलिस को भी सूचना दी गई।

20 किलोमीटर तक पीछा

पुलिस टीम ने करीब 20 किलोमीटर तक बाइक सवार बदमाश का पीछा किया। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे मसौढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने उसे घेर लिया और रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाश ने रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।

इस मुठभेड़ में परमानंद यादव के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर काबू में लिया और तुरंत इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर के दौरान तीन राउंड फायरिंग हुई, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई।

बिहार-झारखंड में फैला था अपराध का नेटवर्क

गिरफ्तार अपराधी परमानंद यादव, पिता रामकेवल यादव, मूल रूप से झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चेतर गांव का रहने वाला है। वह लंबे समय से बिहार और झारखंड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क संभाल रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, परमानंद यादव पर हत्या, लूट, रंगदारी और फायरिंग जैसे 24 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह झारखंड से बैठकर पूरे नेटवर्क को ऑपरेट करता था। STF पिछले डेढ़ साल से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

राहुल सिंह गैंग से भी था गहरा संबंध

पुलिस जांच में सामने आया है कि परमानंद यादव झारखंड के कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गैंग के लिए भी काम करता था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और दोनों एक ही इलाके के रहने वाले थे। राहुल सिंह गैंग के लेवी वसूली और अवैध नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज परमानंद यादव के पास होने की आशंका है। 

पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में लॉरेंस बिश्नोई और राहुल सिंह गैंग के नेटवर्क को लेकर बड़े खुलासे हो सकते हैं। 9 सितंबर 2025 को चंदवा पुलिस ने गोलीबारी और रंगदारी के मामलों में राहुल सिंह और परमानंद यादव के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की थी।

जनवरी में बिहार पुलिस का चौथा हाफ एनकाउंटर

जनवरी महीने में यह बिहार पुलिस का चौथा हाफ एनकाउंटर है। इससे पहले 15 जनवरी को पटना के मनेर में कुख्यात नीतीश यादव को पैर में गोली मारकर पकड़ा गया था। 11 जनवरी को बाढ़ इलाके में हत्या आरोपी प्रह्लाद कुमार का हाफ एनकाउंटर हुआ था, जबकि 2 जनवरी को खगौल में कुख्यात मैनेजर राय पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और गैंग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। परमानंद यादव की गिरफ्तारी को बिहार पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।

Leave a comment