राम मंदिर निर्माण से जुड़े श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में जल्द ही सचिव और प्रवक्ता की नियुक्ति की जाएगी। यह निर्णय मणिरामदास जी की छावनी में हुई ट्रस्ट की बैठक के दौरान लिया गया।
अयोध्या: राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और प्रबंधन कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सचिव और प्रवक्ता की नियुक्ति का फैसला किया है। यह निर्णय ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया, जिसमें मंदिर के प्रशासन, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ट्रस्ट की बैठक मणिरामदास जी की छावनी में आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया पूरी होने में अभी लगभग एक महीने का अतिरिक्त समय लग सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने फिलहाल एक सचिव नियुक्त करने का निर्णय लिया है, ताकि मंदिर से जुड़े प्रशासनिक कामकाज और विभिन्न व्यवस्थाओं में किसी तरह की बाधा न आए।
मीडिया संवाद के लिए प्रवक्ता की होगी नियुक्ति
ट्रस्ट ने मीडिया और आम लोगों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के उद्देश्य से एक प्रवक्ता नियुक्त करने का भी फैसला किया है। ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मंदिर से संबंधित गतिविधियों और व्यवस्थाओं के बारे में आधिकारिक जानकारी समय पर उपलब्ध कराना जरूरी है। ट्रस्ट के सदस्यों की ओर से जारी वक्तव्य में राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर भी प्रतिक्रिया दी गई।
बयान में कहा गया कि मंदिर को लेकर किए जा रहे विभिन्न दावों और आरोपों के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं आई है। ट्रस्ट ने इसे रामभक्तों की आस्था और विश्वास का प्रतीक बताते हुए संत समाज, देश-विदेश से अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सावन में बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या
पवित्र सावन महीने के दौरान अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर अतिरिक्त तैयारियों की जरूरत होगी। इसी संभावित दबाव को देखते हुए ट्रस्ट ने अस्थायी तौर पर सचिव नियुक्त करने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि सचिव की भूमिका मंदिर प्रशासन से जुड़े विभिन्न कार्यों के समन्वय और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण होगी।
![]()
ट्रस्ट में तीन पद खाली, नियुक्तियों पर भी चर्चा
बैठक में ट्रस्ट के भीतर खाली हुए पदों को भरने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। न्यासी मंडल में चंपत राय और अनिल मिश्र के इस्तीफे तथा अयोध्या राज परिवार के प्रमुख बिमलेंद्र मोहन मिश्र के पिछले वर्ष निधन के बाद तीन स्थान रिक्त हैं। ट्रस्ट ने इन रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। बैठक में सामने आया कि नए न्यासियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने में अभी कुछ और सप्ताह लग सकते हैं। इस विषय पर अंतिम निर्णय ट्रस्ट की आगामी बैठक में लिए जाने की संभावना है।
CCTV व्यवस्था और CEO चयन की प्रगति की समीक्षा
मंदिर परिसर में लगाए गए CCTV कैमरों की व्यवस्था और उनके संचालन से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा हुई। न्यासी मंडल ने CCTV नेटवर्क की कार्यप्रणाली और सामने आई कथित तकनीकी खामियों की समीक्षा की। इसके अलावा मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन की प्रक्रिया की प्रगति पर भी विचार-विमर्श हुआ। ट्रस्ट के अनुसार, CEO की नियुक्ति में अभी कुछ और समय लग सकता है और अगले महीने तक चयन प्रक्रिया पूरी होने की संभावना जताई गई है।
बैठक में मंदिर में आने वाले स्वर्ण और चांदी के चढ़ावे की मात्रा और शुद्धता की जांच की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। भारतीय रिजर्व बैंक से संबद्ध टकसाल (Mint) के सहयोग से चल रही जांच व्यवस्था पर ट्रस्ट ने संतोष व्यक्त किया और इसे आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया। वहीं, चढ़ावे की गणना से जुड़े मामलों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की भूमिका पर भी चर्चा हुई। कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद बैंक की प्रतिक्रिया और कार्रवाई को लेकर ट्रस्ट ने असंतोष जताया। इसके साथ ही वित्त समिति को बैंक के साथ मौजूदा संबंधों और मानक संचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा कर उचित निर्णय लेने का निर्देश दिया गया।
चढ़ावा चोरी मामले की रिपोर्ट का इंतजार
बैठक में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की अंतिम रिपोर्ट पर भी चर्चा होनी थी। हालांकि, रिपोर्ट अभी उपलब्ध नहीं होने के कारण इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा को फिलहाल टाल दिया गया। ट्रस्ट ने चढ़ावा चोरी और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को चुनौती देने वाली याचिकाओं से संबंधित सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही और अदालत के आदेशों का भी संज्ञान लिया।









