एक्ट्रेस रानी मुखर्जी भले ही अपनी बेटी आदिरा का चेहरा सार्वजनिक तौर पर न दिखाती हों, लेकिन उसके बारे में खुलकर बातें करती हैं। हाल ही में उन्होंने एक बार फिर अपनी 10 साल की बेटी को लेकर बात की और बताया कि आदिरा उनकी सबसे बड़ी चीयरलीडर है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड की दमदार और संजीदा अभिनेत्रियों में शुमार रानी मुखर्जी भले ही सिल्वर स्क्रीन पर मजबूत किरदारों के लिए जानी जाती हों, लेकिन असल जिंदगी में वह एक बेहद संवेदनशील और भावुक मां हैं। हाल ही में रानी मुखर्जी ने अपनी निजी जिंदगी, खासकर अपनी 10 साल की बेटी आदिरा चोपड़ा को लेकर खुलकर बात की है। एक इंटरव्यू के दौरान रानी ने मां-बेटी के रिश्ते, जेनरेशन गैप और पैरेंटिंग को लेकर ऐसी बातें साझा कीं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
रानी मुखर्जी और फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा की बेटी आदिरा को लाइमलाइट से हमेशा दूर रखा गया है। रानी ने आज तक अपनी बेटी का चेहरा सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया, लेकिन आदिरा के बारे में बात करने से वह कभी पीछे नहीं हटतीं।
‘मेरी बेटी मेरी सबसे बड़ी चीयरलीडर है’
एक इंटरव्यू में रानी मुखर्जी ने कहा कि उनके पिता के निधन के बाद उन्हें उनकी जिंदगी में एक बड़ा खालीपन महसूस हुआ, खासकर अपने काम को लेकर फीडबैक के मामले में। उन्होंने कहा,
'मेरे पिता के जाने के बाद मुझे अपने अभिनय पर उनके रिएक्शन की बहुत कमी खलती है। लेकिन जिंदगी चीजों को बैलेंस कर देती है। भगवान ने मुझे मेरी बेटी दी। आदिरा मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत है।'
रानी ने बताया कि आदिरा उनसे बेहद क्लोज है और उन्हें अपनी मां पर बहुत गर्व है। वह मेरी सबसे बड़ी चीयरलीडर है, लेकिन मजेदार बात यह है कि उसने मेरी ज्यादातर फिल्में नहीं देखी हैं, रानी ने मुस्कुराते हुए कहा।

क्यों नहीं देखती आदिरा रानी की फिल्में?
रानी मुखर्जी ने बताया कि आदिरा उन्हें स्क्रीन पर रोते हुए नहीं देख सकती। वह मुझसे बहुत ज्यादा जुड़ी हुई है। जब मैं स्क्रीन पर दुखी या रोती नजर आती हूं, तो उसे अच्छा नहीं लगता। इसलिए वह मेरी फिल्में देखने से कतराती है। हालांकि कुछ फिल्में आदिरा को पसंद हैं। उसे ‘हिचकी’, ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ और ‘बंटी और बबली’ पसंद है। लेकिन ‘कुछ कुछ होता है’ उसे देखने में दिक्कत होती है, क्योंकि पहले ही सीन में मैं मर जाती हूं, रानी ने बताया।
रानी मुखर्जी ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि उनकी बेटी उन्हें मेकअप में पसंद नहीं करती। जब मैं मेकअप करती हूं तो आदिरा कहती है, ‘मम्मा, आप मेरी मां जैसी नहीं लग रही।’ जैसे ही मैं मेकअप हटाती हूं, वह मेरे पास आकर कहती है, ‘अब आप मेरी मम्मा लग रही हो।’ यह किस्सा मां-बेटी के बीच के गहरे और मासूम रिश्ते को दर्शाता है।
‘मैं अपनी बेटी से बहुत डरती हूं’
सबसे ज्यादा चर्चा रानी मुखर्जी के उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपनी बेटी से डरती हैं। वह जेन अल्फा की बच्ची है। वह मुझे डांटती भी है और मुझे उसकी सुननी पड़ती है। हर पीढ़ी अलग होती है। रानी ने आगे कहा, हमारे समय में हमें मां से थप्पड़ पड़ते थे, लेकिन मैं अपनी बेटी के साथ ऐसा नहीं कर सकती। अगर मैंने उसे थप्पड़ मारा, तो वह मुझे उल्टा मार देगी, यह कहते हुए रानी हंस पड़ीं।










