Rishi Kapoor Birth Anniversary: रोमांटिक हीरो से माफिया डॉन तक, कई किरदारों में दिखा चिंटू का दमदार अभिनय

Rishi Kapoor Birth Anniversary: ऋषि कपूर ने रोमांटिक हीरो से लेकर माफिया डॉन तक कई दमदार किरदार निभाए। उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर जानें उनके यादगार रोल और शानदार

अपने दौर के चॉकलेटी हीरो के तौर पर मशहूर रहे ऋषि कपूर का जन्म 4 सितंबर 1952 को मुंबई के चेंबूर में हुआ था। महज तीन साल की उम्र में उनकी पहली झलक पर्दे पर दिखाई दी, लेकिन बतौर बाल कलाकार उन्हें पहचान 1970 में रिलीज हुई फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से मिली, जिसमें उन्होंने अपने पिता राज कपूर के बचपन का किरदार निभाया था।

Birth Anniversary: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर की आज 4 सितंबर को जयंती है। पर्दे पर रोमांटिक हीरो के रूप में पहचान बनाने वाले ऋषि कपूर ने अपने लंबे करियर में कई चुनौतीपूर्ण और यादगार भूमिकाएं निभाईं। ‘बॉबी’ के मासूम प्रेमी से लेकर ‘अग्निपथ’ के खतरनाक राउफ लाला और ‘डी-डे’ के माफिया किरदार तक, उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता के अलग-अलग रंग दिखाए।

ऋषि कपूर का जन्म 4 सितंबर 1952 को मुंबई के चेंबूर में हुआ था। फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने वाले ऋषि ने बेहद कम उम्र में कैमरे का सामना किया। 1970 में आई फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में उन्होंने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता-निर्देशक राज कपूर के बचपन की भूमिका निभाई थी। हालांकि, बतौर मुख्य अभिनेता उनका करियर 1973 की फिल्म ‘बॉबी’ से शुरू हुआ।

‘बॉबी’ से मिली रोमांटिक हीरो की पहचान

ऋषि कपूर की पहली प्रमुख फिल्म ‘बॉबी’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इसमें उन्होंने राज नाथ यानी राजा नाम के युवा प्रेमी का किरदार निभाया था। डिंपल कपाड़िया के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई। फिल्म की बड़ी सफलता ने ऋषि कपूर को रातोंरात स्टार बना दिया। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट डेब्यू एक्टर अवॉर्ड भी मिला।

‘लैला मजनू’ में दिखा प्रेम और जुनून

1976 में रिलीज हुई ‘लैला मजनू’ में ऋषि कपूर ने मजनू की भूमिका निभाई। प्रेम और विरह से जुड़े इस किरदार में उनके अभिनय ने उन्हें रोमांटिक फिल्मों के लोकप्रिय सितारे के रूप में और मजबूत किया।

‘अमर अकबर एंथनी’ का अकबर

1977 की ब्लॉकबस्टर ‘अमर अकबर एंथनी’ में ऋषि कपूर ने अकबर इलाहाबादी का किरदार निभाया। फिल्म में अमिताभ बच्चन और विनोद खन्ना के साथ उनकी मौजूदगी भी खास रही। नीतू कपूर के साथ उनकी जोड़ी को भी दर्शकों ने पसंद किया।

‘प्रेम रोग’ ने बदली अभिनेता की छवि

1982 की ‘प्रेम रोग’ ऋषि कपूर के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में गिनी जाती है। पद्मिनी कोल्हापुरी के साथ उन्होंने देवधर का किरदार निभाया। फिल्म ने सामाजिक रूढ़ियों और विधवा विवाह जैसे विषयों को सामने रखा और ऋषि के अभिनय को एक गंभीर आयाम दिया।

‘लव आज कल’ में सरदार के रूप में आए नजर

2009 में आई ‘लव आज कल’ में ऋषि कपूर ने वीर सिंह की भूमिका निभाई। सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण अभिनीत इस फिल्म में उनका किरदार एक बुजुर्ग सरदार का था। यह भूमिका उनके पारंपरिक रोमांटिक हीरो वाले अंदाज से काफी अलग थी।

‘अग्निपथ’ में खलनायक बनकर चौंकाया

2012 की ‘अग्निपथ’ में ऋषि कपूर ने राउफ लाला का किरदार निभाकर दर्शकों को हैरान कर दिया। यह उनके सबसे चर्चित नकारात्मक किरदारों में से एक था। ऋतिक रोशन और संजय दत्त अभिनीत इस फिल्म में राउफ लाला के रूप में ऋषि की अदाकारी को खूब सराहा गया।

Rishi Kapoor Birth Anniversary: रोमांटिक हीरो से माफिया डॉन तक, कई किरदारों में दिखा चिंटू का दमदार अभिनय

‘डी-डे’ में निभाया माफिया का किरदार

2013 की फिल्म ‘डी-डे’ में ऋषि कपूर ने ‘गोल्डमैन’ इकबाल का किरदार निभाया था। यह भूमिका माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम से प्रेरित मानी गई। इरफान खान और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकारों के साथ उनकी मौजूदगी ने फिल्म को और प्रभावशाली बनाया।

‘कपूर एंड संस’ में 90 साल के दादा

2016 की ‘कपूर एंड संस’ में ऋषि कपूर ने पूरी तरह बदले हुए लुक में 90 वर्षीय अमरजीत कपूर की भूमिका निभाई। बुजुर्ग व्यक्ति के हावभाव और व्यवहार को उन्होंने इतनी सहजता से निभाया कि यह किरदार उनके करियर के सबसे यादगार प्रदर्शनों में शामिल हो गया।

‘102 नॉट आउट’ और ‘मुल्क’ में दिखी परिपक्व अदाकारी

2018 की ‘102 नॉट आउट’ में उन्होंने 75 वर्षीय बाबूलाल दत्तात्रेय वखारिया की भूमिका निभाई, जबकि अमिताभ बच्चन ने उनके 102 वर्षीय पिता का किरदार निभाया। इसी साल आई ‘मुल्क’ में ऋषि कपूर ने बनारस के वकील मुराद अली मोहम्मद की भूमिका निभाई। फिल्म में उनका किरदार सामाजिक और संवेदनशील मुद्दों के बीच संघर्ष करता नजर आया।

नीतू कपूर से प्यार और शादी

ऋषि कपूर और नीतू कपूर की प्रेम कहानी भी हिंदी सिनेमा की चर्चित जोड़ियों में रही। दोनों की मुलाकात और नजदीकियां 1974 में ‘जहरीला इंसान’ की शूटिंग के दौरान बढ़ीं। शुरुआत में नीतू ऋषि को लेकर बहुत प्रभावित नहीं थीं, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच रिश्ता मजबूत होता गया। बताया जाता है कि यूरोप यात्रा के दौरान ऋषि कपूर को नीतू की कमी महसूस हुई और उन्होंने उन्हें टेलीग्राम के जरिए अपने दिल की बात बताई। 

इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट किया और 22 जनवरी 1980 को शादी कर ली। शादी के बाद नीतू कपूर ने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना ली। करीब तीन दशक बाद उन्होंने 2009 की ‘लव आज कल’ से अभिनय में वापसी की, जिसमें ऋषि कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिका में थे।

Leave a comment