शाजापुर के सुनेरा थाना क्षेत्र में मैजिक और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार चार लोग मामूली रूप से घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालत सामान्य है।
Madhya Pradesh: शाजापुर जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोल्टा कॉलोनी के पास गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक मैजिक वाहन और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
डायल 112 से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे में बोलेरो वाहन में सवार चार लोग घायल हो गए। हालांकि सभी को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल भिजवाया।

घायलों में रिछोदा निवासी गिरवर सिंह (45) पिता गंगाराम और पुरुषोत्तम पिता हरिनारायण शामिल हैं। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
रॉन्ग साइड से आई मैजिक
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बोलेरो में सवार लोग बाटखेड़ी से रिछोदा की ओर अपने निजी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रही मैजिक वाहन ने बोलेरो को टक्कर मार दी।
जिस मैजिक वाहन से हादसा हुआ, उस पर “संस्कार पब्लिक स्कूल” लिखा हुआ था। बताया गया कि हादसे के समय मैजिक वाहन खाली था और उसमें कोई सवारी मौजूद नहीं थी।
कोई गंभीर रूप से घायल नहीं
इस मामले में सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवा दिया गया है, जिससे यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी पक्ष की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












