रूस ने यूक्रेन पर किया बड़ा हमला, कीव में 1,000 से अधिक इमारतों में हीटिंग बंद

रूस ने यूक्रेन के कीव और अन्य शहरों में 70 मिसाइल और 450 ड्रोन से हमला किया। बिजली और हीटिंग बाधित, मदर लैंड स्मारक को नुकसान।

रूस ने यूक्रेन पर 70 से ज्यादा मिसाइल और 450 ड्रोन से हमला किया। कीव और अन्य शहरों में बिजली और हीटिंग बाधित हुई। मदर लैंड स्मारक सहित रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचा।

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। भले ही दोनों देशों के बीच युद्ध को रोकने के लिए कई स्तरों पर बातचीत चल रही है, लेकिन रूस ने मंगलवार को फिर से यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण इलाकों को निशाना बनाते हुए हमला किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि इस हमले में 70 से ज्यादा मिसाइलों और लगभग 450 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

कीव और अन्य शहरों में तबाही

रूस के इस हमले के बाद कीव और अन्य शहरों में भारी नुकसान हुआ है। जेलेंस्की के मुताबिक, कीव में एक हजार से ज्यादा रिहायशी इमारतों में हीटिंग बंद हो गई है। इस दौरान तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे आम नागरिकों की जिंदगी प्रभावित हुई। कई इलाकों में क्षतिग्रस्त जगहों की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है।

जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने इस हमले में सर्दियों का फायदा उठाते हुए विशेष रूप से एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया। इससे सूमी, खार्किव, कीव, निप्रो, ओडेसा और विनित्सिया इलाकों में बिजली और हीटिंग की आपूर्ति बाधित हुई। हमलों में नौ लोग घायल हुए हैं और कई आवासीय इमारतें भी प्रभावित हुई हैं।

मदर लैंड स्मारक को नुकसान

यूक्रेन के कल्चरल मंत्री ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि रात भर हुए हमले में कीव स्थित दूसरे विश्व युद्ध की फेमस इमारत मदर लैंड स्मारक को नुकसान पहुंचा है। मंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह प्रतीकात्मक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि रूस 20वीं सदी में हुए विध्वंसक युद्ध के खिलाफ बनी स्मारक इमारतों को टारगेट कर रहा है और यह 21वीं सदी में अपने अपराधों को दोहराने जैसा है।

मिसाइलों और ड्रोन का विवरण

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ अन्य प्रकार की मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया। कुल मिलाकर 70 से ज्यादा मिसाइलों के हमले के साथ 450 ड्रोन ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। यूक्रेन की सेना और सुरक्षा एजेंसियां लगातार इन हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रही हैं।

रूस पर गंभीर आरोप

यूक्रेन के राष्ट्रपति और अधिकारियों का कहना है कि रूस ने जानबूझकर नागरिकों और नागरिक संरचनाओं को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्दियों का फायदा उठाकर आम जनता को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इसके अलावा रूस ने कीव और आसपास के शहरों में गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है।

Leave a comment