चरखी दादरी के गांव बेरला में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड नोट में रुपये के लेन-देन में धोखे का जिक्र है। पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। दंपती के दो बच्चे अनाथ हो गए।
Haryana: हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बाढड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बेरला में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के ही रहने वाले 35 वर्षीय विष्णु और उनकी 30 वर्षीय पत्नी संगीता ने एक साथ आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर में बने चौबारे में फांसी के फंदे से लटके मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए।
सुसाइड नोट में रुपये के लेन-देन का जिक्र
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दंपती ने अपनी मौत की वजह बताई है। नोट में लिखा गया है कि गांव के ही एक व्यक्ति से पैसों का लेन-देन था, जिसमें उनके साथ धोखा हुआ। इसके बाद वह व्यक्ति लगातार दबाव बना रहा था और धमकियां दे रहा था।
इसी मानसिक तनाव और परेशानी से तंग आकर पति-पत्नी ने यह कदम उठाया। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नोट के आधार पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बड़े भाई की शिकायत पर FIR

मृतक विष्णु के बड़े भाई सोमबीर ने बाढड़ा थाने में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह नाई का काम करते हैं और उनका छोटा भाई विष्णु अपने परिवार के साथ अलग रहता था।
सोमबीर ने बताया कि 20 दिसंबर को वह काम के सिलसिले में गुरुग्राम जा रहे थे। जब वह झज्जर के पास पहुंचे, तभी उनकी बेटी का फोन आया। बेटी ने रोते हुए बताया कि चाचा विष्णु और चाची संगीता ने फांसी लगा ली है।
यह सुनते ही वह वापस गांव लौटे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बेड पर रखी एक कॉपी से सुसाइड नोट बरामद हुआ। सोमबीर ने आरोप लगाया कि उसके भाई ने सुसाइड नोट में धर्मवीर सिंह के बेटे राजेश को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दो मासूम बच्चों से उठा माता-पिता का साया
विष्णु और संगीता अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। उनकी 13 साल की बेटी और 8 साल का बेटा अब पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। माता-पिता की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पति-पत्नी सीधे-सादे और मेहनती लोग थे। विष्णु नाई का काम करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि वे इतना बड़ा कदम उठा लेंगे।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। लोग बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
बाढड़ा थाने के कार्यवाहक प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर राजेश नामक व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आत्महत्या का कारण पैसों से जुड़ा विवाद और मानसिक दबाव है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।












