SA20 लीग 2025-26: डेनोवन फरेरा का ऑलराउंड प्रदर्शन, जोबर्ग सुपर किंग्स को दिलाई रोमांचक जीत

SA20 लीग 2025-26: डेनोवन फरेरा का ऑलराउंड प्रदर्शन, जोबर्ग सुपर किंग्स को दिलाई रोमांचक जीत

क्रिकेट फैंस ने SA20 लीग 2025-26 के 9वें मुकाबले में कुछ ऐसा देखा, जो लंबे समय तक याद रहेगा। जहां जोबर्ग सुपर किंग्स और डरबन सुपर जायंट्स का मैच सुपर ओवर तक गया, वहीं मैदान पर एक खिलाड़ी ने बल्ले, गेंद और विकेटकीपिंग—तीनों विभागों में कमाल दिखाया।

स्पोर्ट्स न्यूज़: क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल यूं ही नहीं कहा जाता, क्योंकि कभी एक गेंद मैच का रुख बदल देती है तो कभी एक खिलाड़ी पूरी कहानी लिख देता है। SA20 लीग 2025-26 के 9वें मुकाबले में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां एक खिलाड़ी ने बल्ले, गेंद और ग्लव्स—तीनों से ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि फैंस उसे “सुपरमैन” कहने लगे। 

यह खिलाड़ी थे जॉबर्ग सुपर किंग्स के डेनोवन फरेरा, जिन्होंने डरबन सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में हर विभाग में कमाल दिखाते हुए अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी।

सुपर ओवर तक फैला हाई-प्रेशर मुकाबला

जोबर्ग सुपर किंग्स और डरबन सुपर जायंट्स का यह मुकाबला आखिरी गेंद तक टिका रहा। 20 ओवरों के खेल के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा, जिससे मैच सुपर ओवर में गया। ऐसे हाई-प्रेशर पर मैच में फरेरा ने हर विभाग में टीम के लिए ढाल की तरह प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी में डेनोवन फरेरा ने महज 10 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए। इस छोटी लेकिन विस्फोटक पारी में उन्होंने 4 छक्के और 1 चौका जड़ा। 

उनका स्ट्राइक रेट 330 रहा, जिसने डरबन के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ पूरी तरह से बिगाड़ दी। फरेरा की इस तूफानी पारी की बदौलत जोबर्ग सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 205 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

फरेरा ने बल्लेबाजी ही नहीं, गेंदबाजी में भी दिखाया दम

फरेरा ने केवल बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि गेंदबाजी में भी जिम्मेदारी निभाई। अपने 4 ओवर में उन्होंने सिर्फ 24 रन दिए और 1 अहम विकेट लिया। उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने डरबन के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि विरोधी टीम ने मैच टाई कराने में कामयाबी पाई और मुकाबला सुपर ओवर तक गया।

मैच जब सुपर ओवर में पहुंचा, तो फरेरा ने विकेट के पीछे अपनी फुर्ती दिखाते हुए महत्वपूर्ण रनआउट किया। इस रनआउट के चलते डरबन सुपर जायंट्स सुपर ओवर में बड़ा स्कोर नहीं बना सके। जोबर्ग सुपर किंग्स को केवल 6 रन का आसान लक्ष्य मिला, जिसे उन्होंने बिना किसी परेशानी के हासिल कर लिया।

बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कीपिंग—तीनों विभागों में धमाकेदार प्रदर्शन के लिए डेनोवन फरेरा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। फरेरा की बदौलत जोबर्ग सुपर किंग्स ने SA20 लीग में जीत की हैट्रिक भी पूरी की। उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि जब टीम के पास ऐसा “सुपरमैन” हो, तो कोई भी मुकाबला मुश्किल नहीं रहता।

Leave a comment