Columbus

शाहरुख खान की एंट्री मार्वल यूनिवर्स में? एक ट्वीट से फैंस में हलचल, क्या बनेंगे भारत के पहले Avenger!

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, और इस बार वजह है हॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म फ्रेंचाइजी मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट ने फैंस के बीच उत्साह और अटकलों का तूफान खड़ा कर दिया है। 

एंटरटेनमेंट: शाहरुख खान की फैन फॉलोइंग तो दुनिया भर में प्रसिद्ध है, और उनके प्रशंसकों की दीवानगी कभी कम नहीं होती। हाल ही में एक एक्स (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट ने शाहरुख के फैंस की धड़कनें और बढ़ा दी हैं। यह पोस्ट मार्वल लीक्स नामक हैंडल से आया है, जिसमें दावा किया गया है कि मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) के एक प्रोजेक्ट के लिए शाहरुख खान से बातचीत चल रही है।

अगर यह खबर सच साबित होती है, तो शाहरुख खान का MCU में कदम रखना एक बड़ी बात होगी, क्योंकि यह बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में से एक को दुनिया के सबसे बड़े फिल्म फ्रेंचाइजी में लाने जैसा होगा। मार्वल की फिल्मों में अभिनेता की मौजूदगी से न केवल उनकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और बढ़ेगी, बल्कि यह भारत और अन्य देशों में भी MCU के लिए नए दर्शक भी जोड़ सकता है।

क्या शाहरुख बनेंगे MCU का हिस्सा?

‘मार्वल लीक्स’ नाम के एक्स हैंडल ने लिखा, खबर/अटकलें: शाहरुख खान और मार्वल स्टूडियोज के बीच शुरुआती बातचीत चल रही है, यह प्रोजेक्ट एवेंजर्स: डूम्सडे से जुड़ा नहीं है।” इस एक लाइन ने मानो फैंस की उम्मीदों को पंख दे दिए हैं। MCU में अब तक कुछ भारतीय कलाकारों को देखा जा चुका है फरहान अख्तर (Ms. Marvel), हरीश पटेल (Eternals), और मोहन कपूर (कमला खान के पिता की भूमिका में)। अगर शाहरुख इस फेहरिस्त में शामिल होते हैं, तो वे सबसे बड़े भारतीय नाम बन सकते हैं जो इस वैश्विक ब्रांड का हिस्सा होंगे।

हॉलीवुड में शाहरुख की लोकप्रियता

शाहरुख खान की पहचान सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया भर में उनकी फैन फॉलोइंग विशाल है। हॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी किंग खान की तारीफ कर चुके हैं। हाल ही में कैप्टन अमेरिका फेम एंथनी मैकी ने शाहरुख को अपना पसंदीदा बॉलीवुड अभिनेता बताया। वहीं डॉक्टर स्ट्रेंज बेनेडिक्ट कंबरबैच ने भी शाहरुख के टैलेंट की सराहना की थी, और उन्हें एक ‘ग्लोबल स्टार’ करार दिया था। ‘डेडपूल 2’ में शाहरुख की फिल्म स्वदेश का गाना बजाया जाना इस बात का प्रमाण है कि वे वेस्टर्न पॉप कल्चर में भी पैठ बना चुके हैं।

क्या भारत से आएगा नया सुपरहीरो?

मार्वल की फिल्म Eternals में हिंद महासागर के पास एक इटरनल के उभरने की कहानी दिखाई गई थी, जिससे भारत में किसी नए सुपरहीरो के उदय की संभावना को बल मिला था। ऐसे में अगर कोई भारतीय अभिनेता MCU का हिस्सा बनता है, तो वो एक बड़ा सांस्कृतिक बदलाव भी ला सकता है। फैंस यह कयास भी लगा रहे हैं कि शाहरुख खान शायद किसी रहस्यमय किरदार या गेस्ट अपीयरेंस के जरिए मार्वल की कहानी में एंट्री ले सकते हैं, जिससे उनका भविष्य में बड़ा रोल तैयार किया जा सके।

जहां एक ओर शाहरुख खान के मार्वल में एंट्री की खबर चर्चा में है, वहीं वर्क फ्रंट पर वे फिल्म 'किंग' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ बेटी सुहाना खान और अभिषेक बच्चन भी होंगे। निर्देशन की कमान 'पठान' और 'वॉर' फेम सिद्धार्थ आनंद संभाल रहे हैं। पहले इस फिल्म का निर्देशन सुजॉय घोष करने वाले थे, लेकिन बाद में उन्होंने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया।

Leave a comment