आज रात आकाश में एक दुर्लभ खगोलीय नजारा देखने को मिलेगा। पूर्णिमा के अवसर पर चंद्रमा पृथ्वी के काफी नजदीक रहेगा, जिससे वह सुपर वुल्फ मून के रूप में दिखाई देगा। इस कारण चंद्रमा सामान्य पूर्णिमा की तुलना में अधिक बड़ा और चमकीला नजर आएगा।
खगोल विशेषज्ञों के अनुसार, जब पूर्णिमा के दौरान चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे नजदीकी बिंदु पर होता है, तब उसे सुपरमून कहा जाता है। इस दौरान चंद्रमा आकार में करीब आठ प्रतिशत बड़ा और चमक में लगभग 16 प्रतिशत अधिक दिखाई देता है।
इस खगोलीय घटना के दौरान आकाश में बृहस्पति ग्रह भी स्पष्ट रूप से नजर आएगा, जिससे दृश्य और आकर्षक बन जाएगा। साफ मौसम होने पर यह नजारा नंगी आंखों से आसानी से देखा जा सकता है।
इसी दिन पृथ्वी भी सूर्य के सबसे नजदीकी बिंदु पेरीहेलियन पर होगी, जो इस खगोलीय संयोग को और खास बनाता है। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए यह रात बेहद खास मानी जा रही है।










