पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए उन्हें आईसीसी ने ब्रांड एंबेसडर बनाया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: क्रिकेट जगत में अगले साल होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मंगलवार को पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को इस टूर्नामेंट का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह घोषणा ICC के अध्यक्ष जय शाह (Jay Shah) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर की। जय शाह ने लिखा, यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि रोहित शर्मा भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप के टूर्नामेंट एंबेसडर हैं।
कार्यक्रम में दिग्गजों की मौजूदगी
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का कार्यक्रम भी मंगलवार को जारी किया गया। इस कार्यक्रम में कई दिग्गज क्रिकेट हस्तियों ने शिरकत की। भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, मौजूदा भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, पूर्व भारतीय कप्तान और अब टूर्नामेंट एंबेसडर रोहित शर्मा, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मनहास, सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला शामिल रहे।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने इस अवसर पर बताया कि यह टूर्नामेंट 20 टीमों के बीच खेला जाएगा और इसका आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जाएगा। यह टूर्नामेंट क्रिकेट प्रेमियों के लिए विश्व स्तर पर उत्साह और रोमांच का एक बड़ा अवसर साबित होगा।
आठ स्थलों पर आयोजित होंगे मुकाबले
![]()
आईसीसी के अनुसार, टी20 विश्व कप 2026 के मैच कुल आठ स्थानों पर होंगे, जिनमें भारत में 5 और श्रीलंका में 3 स्थल शामिल हैं। भारत में मुकाबलों की मेजबानी करने वाले शहर और स्टेडियम इस प्रकार हैं:
- दिल्ली
- मुंबई
- चेन्नई
- कोलकाता
- अहमदाबाद
- श्रीलंका में मैच होंगे:
- कोलंबो (आर. प्रेमादासा स्टेडियम और एस स्पोर्ट्स क्लब)
- कैंडी (पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम)
यह टूर्नामेंट स्थानीय क्रिकेट फैंस के लिए रोमांचक अनुभव के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को कई उपलब्धियां दिलाई हैं और अब उन्हें ICC द्वारा ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करना उनके क्रिकेट करियर और वैश्विक पहचान के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रोहित का यह नया रोल टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार, विभिन्न इवेंट्स और मीडिया गतिविधियों में शामिल होना शामिल है। उनके अनुभव और क्रिकेटिंग प्रतिष्ठा की वजह से फैंस और खिलाड़ियों दोनों के बीच टूर्नामेंट के प्रति उत्साह बढ़ेगा।








