टी20 विश्व कप 2026: बांग्लादेश की भागीदारी पर संकट, ICC के सामने तीन बड़े विकल्प

टी20 विश्व कप 2026: बांग्लादेश की भागीदारी पर संकट, ICC के सामने तीन बड़े विकल्प

टी20 विश्व कप 2026 से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी टीम को भारत में होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के मैचों के लिए भेजने के पक्ष में नहीं है। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के आधिकारिक बयान के बाद टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बड़ी हलचल मच गई है। बीसीबी ने रविवार को स्पष्ट किया कि लिटन दास की अगुवाई वाली बांग्लादेश टीम 7 फरवरी से 8 मार्च तक होने वाले विश्व कप के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी। बोर्ड ने इस फैसले के पीछे खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्रमुख कारण बताया है। 

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था, जिसके बाद भारत दौरे को लेकर अटकलें और तेज हो गई थीं।

भारत में सुरक्षा को लेकर BCB की चिंता

बीसीबी द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर बोर्ड आश्वस्त नहीं है। इसी वजह से बांग्लादेश टीम, जिसकी कप्तानी लिटन दास कर रहे हैं, 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 के बीच होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारत यात्रा नहीं करेगी। यह बयान ऐसे समय में आया है जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 से पहले बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किया, जिसके बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर भी चर्चा तेज हो गई।

ICC के सामने तीन संभावित विकल्प

अगर बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहता है और भारत में खेलने से इनकार करता है, तो ICC के पास मुख्य रूप से तीन विकल्प मौजूद हैं:

1. बांग्लादेश को वॉकओवर या अंक गंवाने पड़ सकते हैं

टी20 विश्व कप शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। अधिकांश वेन्यू, होटल, प्रसारण और यात्रा व्यवस्थाएं पहले ही तय की जा चुकी हैं। ऐसे में ICC शेड्यूल में बड़े बदलाव से बचना चाहेगा। अगर बांग्लादेश भारत में अपने निर्धारित मैच नहीं खेलता, तो उसे वॉकओवर देना पड़ सकता है और अंक गंवाने पड़ सकते हैं।

क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहले भी हो चुका है। 1996 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने सुरक्षा कारणों से श्रीलंका के खिलाफ खेलने से इनकार किया था। इसी तरह 2003 विश्व कप में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने केन्या और जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच न खेलकर वॉकओवर दिया था।

2. बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में कराए जा सकते हैं

ICC के पास दूसरा विकल्प यह है कि बांग्लादेश के मैच भारत के बजाय श्रीलंका में आयोजित किए जाएं। हालांकि इसके लिए शेड्यूल, लॉजिस्टिक्स और वेन्यू में बड़े बदलाव करने होंगे। यह विकल्प दिसंबर 2024 में हुए भारत-श्रीलंका समझौते के अनुरूप भी माना जा रहा है। उस समझौते के तहत भारतीय टीम ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान यात्रा नहीं की थी, जबकि पाकिस्तान ने 2026 टी20 विश्व कप के अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने पर सहमति जताई थी। बांग्लादेश ने ICC से इसी तरह की व्यवस्था की मांग की है।

3. बांग्लादेश की जगह किसी दूसरी टीम को मौका

अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से पूरी तरह हटने का फैसला करता है, तो उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जा सकता है। ICC के नियमों के तहत यह संभव है। ऐसा उदाहरण पहले भी देखने को मिला है। 2016 अंडर-19 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसकी जगह आयरलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया था। टी20 विश्व कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, ऐसे में एक टीम का बाहर होना पूरे ग्रुप समीकरण को प्रभावित कर सकता है।

Leave a comment