ट्रंप टेक्सास बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे जहां एक पत्रकार के सवाल पर नाराज हो गए। उन्होंने पत्रकार को 'दुष्ट इंसान' कह दिया। बाढ़ में अब तक 120 लोगों की मौत हो चुकी है।
Texas Flood: 4 जुलाई को अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस की सुबह टेक्सास राज्य के ग्वाडालूप नदी क्षेत्र में अचानक आई मूसलाधार बारिश ने भयावह बाढ़ का रूप ले लिया। इस बाढ़ ने हिल कंट्री क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे अब तक कम से कम 120 लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग लापता हैं। इस त्रासदी के बाद राहत और बचाव कार्य जारी हैं।
ट्रंप का टेक्सास दौरा
घटना के दो दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टेक्सास पहुंचे और केरविल स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों, राहत दलों और बचावकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने बचाव कार्यों की सराहना करते हुए कहा, "इन हालातों में सभी ने अविश्वसनीय काम किया है। जो लोग लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं, वे वाकई सराहनीय कार्य कर रहे हैं।"
प्रेस वार्ता में तीखी प्रतिक्रिया
स्थानीय हालात का जायजा लेने के बाद ट्रंप ने मीडिया से बातचीत की। प्रेस वार्ता के दौरान माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब एक पत्रकार ने सवाल किया कि क्या समय रहते चेतावनी दी जाती तो लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इस पर ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "सिर्फ कोई बुरा इंसान ही ऐसा सवाल पूछ सकता है। आप बहुत ही दुष्ट इंसान हैं।"
ट्रंप ने पहले संयमित लहजे में जवाब दिया कि सभी एजेंसियों ने हालात को देखते हुए बेहतर कार्य किया है। लेकिन पत्रकार की ओर से पूछे गए सवाल पर वह नाराज हो गए और उसकी मंशा पर सवाल खड़ा कर दिया। यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
सकारात्मक सवाल पर ट्रंप की संतुष्टि
इसके बाद ट्रंप ने रियल अमेरिका वॉयस की रिपोर्टर द्वारा पूछे गए सवाल पर मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, "अब यह एक अच्छा पत्रकार है, अच्छा सवाल है।" इस सवाल में FEMA और स्थानीय बचाव दलों के प्रयासों पर प्रकाश डाला गया था। ट्रंप ने इस पर फिर से राहत कार्यों और एजेंसियों की प्रशंसा की।
प्रशासन पर उठे सवाल
हालांकि, बाढ़ प्रभावित इलाकों से आ रही रिपोर्टों में यह सामने आया है कि कई नागरिक और विशेषज्ञ इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या अलर्ट समय रहते जारी किया गया था। लोगों का कहना है कि अचानक आई बाढ़ ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया। ऐसे में प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ट्रंप की सफाई और बचाव
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा, "हमने बहुत कुछ खोया है। हमारे बच्चे, हमारे परिवार, कई प्रियजन इस आपदा में चले गए। लेकिन हम लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। हमारे पास बेहद समर्पित लोग हैं, जो ये काम कर रहे हैं। मेरी नजर में उनसे बेहतर कोई नहीं।" उन्होंने दावा किया कि उनका प्रशासन टेक्सास को हरसंभव सहायता दे रहा है। ट्रंप ने FEMA की सराहना करते हुए कहा, "हमारे पास FEMA में अच्छे लोग हैं। वे अपना काम शानदार तरीके से कर रहे हैं।"