The Traitors 2 Finale: मल्लिका शेरावत या कोई और बनेगा विनर? जानें कब और कहां देख सकते हैं ग्रैंड फिनाले

The Traitors 2 Finale: मल्लिका शेरावत समेत 6 कंटेस्टेंट्स फिनाले में पहुंच चुके हैं। ग्रैंड फिनाले 3 सितंबर 2026 को रात 8 बजे Prime Video पर स्ट्रीम होगा। जानें

करण जौहर का पॉपुलर रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ अब अपने ग्रैंड फिनाले के करीब पहुंच चुका है। 21 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुए इस शो में अब सिर्फ 6 खिलाड़ी ट्रॉफी की रेस में बाकी हैं। 

The Traitors 2 Finale: करण जौहर के होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ का सफर अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। 21 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुए इस रणनीति और धोखे से भरे गेम में अब सिर्फ छह खिलाड़ी ट्रॉफी और प्राइज मनी की रेस में बचे हैं। जैसे-जैसे ग्रैंड फिनाले करीब आ रहा है, दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है कि आखिर इस सीजन का विजेता कौन बनेगा।

शो में शुरुआत से ही भरोसे, रणनीति और धोखे का खेल देखने को मिला है। ऐसे में फिनाले तक पहुंच चुके छह खिलाड़ियों में कौन इनोसेंट है और कौन ट्रेटर, यह सवाल सबसे बड़ा सस्पेंस बना हुआ है।

कब और कहां देख सकते हैं The Traitors 2 Finale?

‘द ट्रेटर्स 2’ का ग्रैंड फिनाले 3 सितंबर को रात 8 बजे स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शक इसे Amazon Prime Video पर देख सकेंगे। फिनाले में बचे छह कंटेस्टेंट्स के बीच ट्रॉफी के साथ-साथ शो की प्राइज मनी जीतने के लिए मुकाबला होगा। पूरे सीजन में कई ट्विस्ट और रणनीतिक फैसलों के बाद अब हर खिलाड़ी के लिए एक गलत फैसला गेम से बाहर होने की वजह बन सकता है।

कौन हैं The Traitors 2 के 6 फाइनलिस्ट?

The Traitors 2 Finale: मल्लिका शेरावत या कोई और बनेगा विनर? जानें कब और कहां देख सकते हैं ग्रैंड फिनाले

शो के फिनाले में पहुंचने वाले छह कंटेस्टेंट्स में क्रिस्टल डी'सूजा, रिदा थराना, मल्लिका शेरावत, शालिनी पासी, दलीप ताहिल और साहिल सलाथिया शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने अलग-अलग रणनीतियों के साथ गेम में अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि क्रिस्टल डी'सूजा शुरुआत से ही ट्रेटर की भूमिका में रही हैं। वहीं शाहनील गिल के शो से बाहर होने के बाद रिदा थराना को आठवें एपिसोड में ट्रेटर की जिम्मेदारी दी गई थी।

अब फिनाले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन छह खिलाड़ियों में आखिर कौन ट्रेटर की भूमिका निभा रहा है और कौन इनोसेंट है। गेम के नियमों के मुताबिक, अंतिम चरण में भी किसी खिलाड़ी पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।

क्या है The Traitors का गेम?

‘द ट्रेटर्स’ एक रणनीतिक रियलिटी गेम शो है, जिसमें सभी कंटेस्टेंट एक ही गेम का हिस्सा होते हैं, लेकिन शुरुआत में कुछ खिलाड़ियों को गुप्त रूप से ‘ट्रेटर’ चुना जाता है। बाकी खिलाड़ियों को ‘इनोसेंट’ कहा जाता है। इनोसेंट खिलाड़ियों का लक्ष्य ट्रेटर्स की पहचान करना और उन्हें गेम से बाहर करना होता है। दूसरी ओर, ट्रेटर्स को अपनी असली पहचान छिपाते हुए इनोसेंट खिलाड़ियों को एक-एक करके बाहर करना होता है।

यही छिपी हुई पहचान शो के पूरे गेम को दिलचस्प बनाती है। दिन के समय कंटेस्टेंट्स अलग-अलग टास्क में हिस्सा लेते हैं। इन टास्क के जरिए प्राइज मनी बढ़ाने का मौका मिलता है। इसके बाद रात में ट्रेटर्स गुप्त रूप से किसी एक इनोसेंट खिलाड़ी को गेम से बाहर कर सकते हैं। अगले दिन बाकी खिलाड़ियों को सिर्फ यह जानकारी मिलती है कि उनका एक साथी अब गेम का हिस्सा नहीं है। इसके बाद शुरू होती है शक, चर्चा और रणनीति की नई कड़ी।

फिनाले में किसकी रणनीति पड़ेगी भारी?

‘The Traitors 2’ के फिनाले में केवल टास्क जीतना ही पर्याप्त नहीं होगा। खिलाड़ियों को अपनी पहचान छिपाने, दूसरे कंटेस्टेंट्स की रणनीति समझने और सही समय पर सही फैसला लेने की जरूरत होगी। मल्लिका शेरावत, शालिनी पासी, दलीप ताहिल और साहिल सलाथिया जैसे चर्चित नामों के साथ क्रिस्टल डी'सूजा और रिदा थराना की मौजूदगी फिनाले को और दिलचस्प बनाती है। दर्शकों के लिए यह देखना खास होगा कि ट्रेटर्स अपनी पहचान कितनी देर तक छिपा पाते हैं और इनोसेंट खिलाड़ी उन्हें पहचानने में कितने सफल होते हैं।

Leave a comment