अयोध्या - ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को ट्रैक्टर कंपनी का एरिया मैनेजर बताकर लोगों से रुपये ऐंठता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा उर्फ गुड्डू वर्मा ने फेसबुक के जरिए संपर्क कर कम कीमत में ट्रैक्टर दिलाने का झांसा दिया। उसने एक पीड़ित से ट्रैक्टर दिखाने के बाद अलग-अलग खातों में 2.80 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए, लेकिन ट्रैक्टर नहीं दिलाया।
पीड़ित द्वारा कंपनी से जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी का कंपनी से कोई संबंध नहीं है। इसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिहोरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से मोबाइल फोन, नकदी बरामद की गई, जबकि उसके बैंक खातों में जमा रकम को फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से सोशल मीडिया पर ट्रैक्टर या अन्य सामान खरीदते समय सतर्क रहने की अपील की है।











