हिंडौन सिटी के महवा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से 8 वर्षीय प्रियांशु जाट की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार टूट गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
Rajasthan: हिंडौन सिटी के महवा मार्ग पर भारद्वाज पेट्रोल पंप के पास रविवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 8 वर्षीय प्रियांशु जाट की मौके पर ही मौत हो गई। प्रियांशु अपने माता-पिता के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदार से मिलकर गांव लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, रास्ते में प्रियांशु के पिता ओसपाल सिंह के मोबाइल पर अचानक किसी का फोन आ गया। उन्होंने बाइक को सड़क किनारे रोक दिया और फोन पर बात करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सबसे आगे बैठा प्रियांशु उछलकर सड़क पर गिर पड़ा।
सिर में आई गंभीर चोट
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। ट्रक की टक्कर से प्रियांशु के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके माता-पिता भी बाइक से गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही महू पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने घायल माता-पिता और बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवारमृतक बच्चे की पहचान वजीरपुर थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी प्रियांशु जाट (8) पुत्र ओसपाल सिंह के रूप में हुई है। प्रियांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पोते का शव देखकर दादा खुद को संभाल नहीं पाए और उससे लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगे। माता-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह परिजनों को ढांढस बंधाया।
परिजनों ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले ही प्रियांशु अपने पिता से भविष्य के सपनों की बात कर रहा था। उसने कहा था कि वह मन लगाकर पढ़ाई करेगा, बड़ा अधिकारी बनेगा और परिवार के लिए एक अच्छा घर बनवाएगा। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी बातें होंगी।
पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।










