वेतन मांगने पर फैक्ट्री मैनेजर ने वर्करों को पीटा, कंपनी के 3 लोग गिरफ्तार

वेतन मांगने पर फैक्ट्री मैनेजर ने वर्करों को पीटा, कंपनी के 3 लोग गिरफ्तार
AI IMAGE

खैरथल-तिजारा में मजदूरों ने दो महीने की सैलरी मांगने पर कंपनी के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मैनेजरों ने लाठी से हमला किया। पुलिस ने तीन मैनेजरों को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

Rajasthan: भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र की सनमाइका बनाने वाली कंपनी, सेफ डेकोर प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरों ने दो महीने की सैलरी न मिलने के कारण बुधवार सुबह कंपनी के गेट पर प्रदर्शन किया। मजदूरों का कहना था कि नवंबर और दिसंबर की तनख्वाह अब तक नहीं मिली है। मजदूर सुबह 8 बजे से कंपनी गेट के बाहर खड़े थे और मैनेजमेंट से वेतन देने की मांग कर रहे थे।

मजदूर निहाल सिंह ने बताया कि कंपनी द्वारा कई बार झूठे वादे किए गए। उन्हें दो बार तारीख भी दी गई थी, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद यूनियन ने घोषणा की कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, काम शुरू नहीं करेंगे।

मैनेजरों ने लाठी लेकर किया हमला 

इसी दौरान प्रोडक्शन मैनेजर सुनील कुमार पुत्र विजेंद्र सिंह जाट अन्य कर्मचारियों के साथ लाठी लेकर बाहर आया और मजदूरों पर हमला कर दिया। मजदूरों ने बताया कि मैनेजर ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि “तुम लोगों पर गाड़ी चढ़ा दूंगा।” हाथापाई के दौरान कई मजदूर घायल हुए।

मजदूर मन्नू चौहान ने कहा कि मैनेजमेंट रोज झूठे वादे करके उनका वेतन टालता रहा। मंगलवार को यूनियन ने बैठक कर फैक्ट्री को साफ तौर पर कहा कि बिना वेतन काम शुरू नहीं करेंगे। बुधवार सुबह मैनेजरों की इस हिंसक प्रतिक्रिया के कारण मामला और बिगड़ गया।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

हमले के बाद मजदूरों की ओर से ठेकेदार के सुपरवाइजर आकाश ने कंपनी मैनेजमेंट के खिलाफ दो महीने की सैलरी न देने और मारपीट का मामला दर्ज कराया। वहीं, कंपनी के एचआर मैनेजर विकास बगसरा ने कुछ मजदूरों पर धरना-प्रदर्शन और तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

यूआईटी थाना अधिकारी दारा सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने तीन मैनेजरों को गिरफ्तार किया

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने प्रोडक्शन मैनेजर सुनील कुमार, मेंटेनेंस मैनेजर प्रिंस लश्करी पुत्र विजेंद्र बैरागी और आईटी मैनेजर गोविंद तिवारी पुत्र राजन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि मजदूर कंपनी के गेट पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन मैनेजरों ने लाठी लेकर हमला किया। कई मजदूरों के हाथ और शरीर पर चोटें आई हैं।

वीडियो और सबूत के आधार पर जांच जारी

पुलिस ने बताया कि वीडियो और मजदूरों के बयानों के आधार पर मैनेजरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मजदूरों की मांगों को लेकर कंपनी ने किस तरह की नीतियां अपनाई और सुरक्षा के नियमों का पालन किया या नहीं किया।

अधिकारी ने कहा कि मामले में जल्द निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाई जाएगी।

Leave a comment