वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025: भारतीय महिला मुक्केबाज़ों का शानदार प्रदर्शन, जीते 20 पदक

वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में भारतीय महिला मुक्केबाज़ों ने इतिहास रचते हुए 20 पदक अपने नाम किए। दमदार प्रदर्शन, मजबूत रणनीति और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत

स्टार मुक्केबाज निकहत जरीन की अगुआई में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने गुरुवार को विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

स्पोर्ट्स न्यूज़: विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 20 पदक अपने नाम किए। इन पदकों में 9 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य शामिल रहे। गौर करने वाली बात यह रही कि इसमें से 7 स्वर्ण पदक महिला मुक्केबाजों ने जीते, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाकर रखा। 

स्टार बॉक्सर निकहत जरीन, जैस्मीन लंबोरिया, प्रीति पवार, परवीन हुड्डा, अरुंधति चौधरी, मीनाक्षी हुड्डा और नुपुर श्योराण ने अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में विजयी होकर भारत को शीर्ष स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं पुरुष टीम के लिए सचिन सिवाच और हितेश गुलिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक हासिल किए।

भारतीय महिला मुक्केबाजों की स्वर्णिम चमक

भारतीय महिला टीम ने इस टूर्नामेंट में अपने दमदार खेल से दुनिया का ध्यान आकर्षित किया। मौजूदा विश्व चैंपियन जैस्मीन लंबोरिया (57 किग्रा) और उभरती प्रतिभा मीनाक्षी हुड्डा (48 किग्रा) ने शानदार जीत के साथ स्वर्ण पदक जीता। एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार (54 किग्रा) ने भी अपने बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए फाइनल में इटली की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सिरीन चर्राबी को मात दी।

विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता परवीन हुड्डा (60 किग्रा), पूर्व युवा विश्व चैंपियन अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और +80 किग्रा वर्ग में नुपुर श्योराण ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में लगातार उपलब्धियां डालीं। सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक में, जैस्मीन ने पेरिस ओलंपिक्स की पदक विजेता वू शिह यी को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीतों में से एक दर्ज की।

वहीं दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन (50 किग्रा) ने चीनी ताइपे की गुओ यी शुआन पर 5-0 से जीत हासिल की, जिसने भारतीय दल की बढ़त और मजबूत की।

पुरुष मुक्केबाजों का मजबूत प्रदर्शन

पुरुष वर्ग में भारतीय मुक्केबाजों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश को दो स्वर्ण दिए। सचिन सिवाच ने किर्गिस्तान के मुनारबेक उलु सेइतबेक को 5-0 से हराकर खिताब जीता। हितेश गुलिया ने धीमी शुरुआत के बाद मजबूत वापसी करते हुए कजाखस्तान के नूरबेक मुर्सल को 3-2 से परास्त किया। इसके अलावा जादुमणि सिंह (50 किग्रा), अभिनाश जामवाल (65 किग्रा), पवन बर्तवाल (55 किग्रा), अंकुश फंगल (80 किग्रा), नरेन्द्र बेरवाल (90 किग्रा) और पूजा रानी (80 किग्रा) ने रजत पदक जीते। पूर्व विजेताओं नीरज फोगाट, स्वीटी, सुमित कुंडू, जुगनू और नवीन ने कांस्य पदकों के साथ भारतीय पदक तालिका में योगदान दिया।

Leave a comment