देशभर में मानसून अब रौद्र रूप दिखाने लगा है। कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश, तेज आंधी और खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 8 जुलाई के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली: भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी, वज्रपात और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 9 घंटों के दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं। IMD ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
किन राज्यों में जारी हुआ मौसम अलर्ट?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इन राज्यों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने किसानों, मछुआरों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मानसून की गतिविधि हुई और सक्रिय
IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब उत्तरी अरब सागर, गुजरात के शेष हिस्सों तथा राजस्थान और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों तक आगे बढ़ चुका है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके कारण कई राज्यों में भारी वर्षा की स्थितियां बन रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन मौसमी प्रणालियों के सक्रिय रहने से अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तेज बारिश की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को तेज बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और यातायात बाधित होने की आशंका भी जताई गई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। इनमें मथुरा, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन, अलीगढ़, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और देवरिया प्रमुख हैं। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार और झारखंड में भी भारी वर्षा का अनुमान
बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली, समस्तीपुर और किशनगंज सहित कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह झारखंड के रांची, दुमका, देवघर, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, लातेहार और पाकुड़ सहित कई क्षेत्रों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क अवरोध की आशंका बढ़ गई है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और चंबा में भी तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, बांसवाड़ा, जोधपुर, अलवर और जैसलमेर सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर के जम्मू, राजौरी, पुंछ, कठुआ, अनंतनाग और उधमपुर सहित कई इलाकों में भी भारी वर्षा और आंधी का पूर्वानुमान है।











