West Bengal Election 2026: चंपई सोरेन ने TMC पर साधा निशाना, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का लगाया आरोप

West Bengal Election 2026 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। चंपई सोरेन ने TMC पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया गया। जानें पूरा

चम्पाई सोरेन ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया है, जिसे उन्होंने बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता Champai Soren ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने टीएमसी पर आदिवासी समुदाय के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने और राष्ट्रपति का अपमान करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह बयान उन्होंने मंगलवार (14 अप्रैल) को बांकुड़ा जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए दिया। इस सभा में भाजपा प्रत्याशी मोहन हांसदा के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

TMC पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप

अपने भाषण की शुरुआत में चंपई सोरेन ने टीएमसी को “आदिवासी विरोधी मानसिकता” वाली पार्टी बताया। उन्होंने दावा किया कि ओडिशा के एक साधारण परिवार से आने वाली और देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति Droupadi Murmu का एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल में अपमान किया गया।चंपई सोरेन ने कहा, “महामहिम राष्ट्रपति का अपमान करने वाली टीएमसी आखिर किस मुंह से आदिवासी बहुल गांवों में वोट मांगने जाती है?” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में एक बार फिर बहस तेज हो गई है।

बांकुड़ा जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस जनसभा को भाजपा ने एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया। रैली में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पार्टी नेताओं ने दावा किया कि जंगलमहल क्षेत्र में भाजपा के प्रति जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। सभा में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पार्टी की मजबूत पकड़ का संकेत बताया।

भ्रष्टाचार और विकास को लेकर सरकार पर निशाना

चंपई सोरेन ने अपने भाषण में राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं हैं और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने एक सड़क परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि 140 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की स्थिति बेहद खराब है, जो कथित भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि उन्होंने पहले वाम मोर्चा को 35 साल और टीएमसी को 15 साल दिए, लेकिन अब समय बदलाव का है।

केंद्र की योजनाओं को रोकने का आरोप

भाजपा नेता ने राज्य सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू न करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में इसे अब तक लागू नहीं किया गया है, जबकि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ मिलता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो सभी केंद्रीय योजनाओं को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

चंपई सोरेन ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने हमेशा आदिवासी, मूलवासी और भूमिपुत्र समुदायों के हित में काम किया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता गलत दिशा में है और यह स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने “सोनार बांग्ला” के विजन का उल्लेख करते हुए जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की, ताकि राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकें।

Leave a comment