यूपी में बिजली पर सियासी हलचल: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का विपक्ष पर फर्जी वीडियो फैलाने का आरोप 

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विपक्ष पर फर्जी वीडियो से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। यूपी में बिजली सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए पेश किया रिपोर्ट कार्ड।

यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विपक्ष पर फर्जी वीडियो से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और बिजली क्षेत्र में योगी सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए तीखा जवाब दिया।

AK Sharma: उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर इन दिनों सियासत तेज़ हो गई है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जहां लगातार राज्य में बिजली संकट को लेकर सरकार पर निशाना साध रही हैं, वहीं यूपी के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी दलों पर फर्जी वीडियो और भ्रामक प्रचार के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

मंगलवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक विस्तृत पोस्ट के माध्यम से एके शर्मा ने यूपी में बिजली व्यवस्था में हुए ऐतिहासिक सुधारों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और विपक्ष को आईना दिखाया। उन्होंने कहा, 'अगर कांग्रेस और सपा ने अपने शासनकाल में बिजली की व्यवस्था पर थोड़ी भी चिंता की होती, तो हमें खस्ताहाल व्यवस्था नहीं विरासत में मिलती।'

'फर्जी वीडियो से गुमराह करना बंद करें'

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल कर रहा है, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने बलिया के अस्पताल, मथुरा और सुल्तानपुर के वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि ये वीडियो भ्रामक पाए गए और उनका उद्देश्य केवल जनता के बीच भ्रम फैलाना था। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर की घटना पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी कर्मचारी को निलंबित कर दिया और समस्या का समाधान भी कराया।

सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां

यूपी में बिजली पर सियासी हलचल: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का विपक्ष पर फर्जी वीडियो फैलाने का आरोप 

एके शर्मा ने पोस्ट में कहा कि भाजपा सरकार ने 2017 से अब तक न सिर्फ विद्युत उत्पादन और आपूर्ति में भारी इजाफा किया है, बल्कि अवसंरचना के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने आंकड़ों के साथ विपक्ष की तुलना करते हुए बताया:

  • 2012-17 के दौरान औसत पीक डिमांड 13,000 मेगावाट थी, जबकि पिछले तीन वर्षों में यह बढ़कर 30,000 मेगावाट हो गई है।
  • 2017 की तुलना में आज यूपी देश का सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बन चुका है।
  • विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है।
  • 1.50 लाख से अधिक मजरों का विद्युतीकरण किया गया है।
  • 2017 में यूपी का खुद का अधिकतम उत्पादन 5160 MW था, जो 2025 में बढ़कर 9120 MW हो गया है।
  • सभी स्रोतों से विद्युत उपलब्धता 11803 MW से बढ़कर 20038 MW हो गई है।
  • ट्रांसमिशन की क्षमता 39000 MVA से बढ़कर 2 लाख MVA तक पहुंच गई है।

डिस्ट्रीब्यूशन में भी हुई जबरदस्त प्रगति

यूपी में बिजली पर सियासी हलचल: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का विपक्ष पर फर्जी वीडियो फैलाने का आरोप 

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में 1.59 लाख किलोमीटर जर्जर तारों को बदला गया है और 29 लाख पुराने खंभों को नए खंभों से बदल दिया गया है। अब हर गांव, हर शहर, हर दुकान तक बिजली पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा, 'आपके शासन में जब 10 दिन में एक बार बिजली आती थी तो वह खबर बनती थी, आज अगर एक घंटे की कटौती होती है तो वह भी सुर्खियां बनती हैं। यह हमारी प्रगति का प्रमाण है।'

मोदी-योगी सरकार की प्रतिबद्धता

एके शर्मा ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उपभोक्ता को 'देवता' मानती है और उनकी सेवा में कोई कोताही नहीं बरतती। उन्होंने कहा, 'हमारी प्रतिस्पर्धा खुद से है। आज की व्यवस्था से बेहतर कल की व्यवस्था देना हमारा संकल्प है।'

विपक्ष पर तंज

पोस्ट के अंत में ऊर्जा मंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'आईना जब भी उठाया करो, पहले देखो, फिर दिखाया करो।' साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष का अंधकार युग अब बीत चुका है, अब उत्तर प्रदेश उजाले की ओर बढ़ रहा है।

Leave a comment