उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोकभवन में विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री और सहयोगी दलों के नेता शामिल हुए।
UP Assembly Winter Session: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता की, जो विधानमंडल के शीतकालीन सत्र को लेकर आयोजित हुई। बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित अन्य नेता और मंत्री मौजूद रहे। सीएम योगी ने सभी मंत्रियों और विधायकों को सदन में पूरी तैयारी के साथ पहुंचने और विपक्ष के सवालों का आत्मविश्वासपूर्ण उत्तर देने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने दिए विशेष निर्देश
सीएम योगी ने सभी मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिए कि वे सदन में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए प्रत्येक मंत्री को पूरी तैयारी करनी चाहिए। सीएम योगी ने बैठक में यह भी जोर दिया कि सरकार सदन में स्पष्ट और पारदर्शी तरीके से काम करे और जनता के हित में हर निर्णय लिया जाए।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से 24 दिसंबर 2025 तक चलेगा। हालांकि सत्र की शुरुआत 19 दिसंबर से हो चुकी है, लेकिन आज से विधिवत कार्यवाही शुरू होगी। इस दौरान सदन में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा, जिस पर विस्तृत बहस होगी। इसके अलावा, वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर भी विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी।
बैठक में मौजूद सभी मंत्रियों, विधायकों और एमएलसी को आवश्यक निर्देश दिए गए ताकि सत्र बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से चल सके। बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विधानमंडल दल में सदन के भीतर की रणनीति तय की जाती है। उन्होंने बताया कि कल केवल वंदे मातरम पर 4 घंटे तक बहस चलेगी और उसके बाद सरकारी बिल पेश किए जाएंगे।

प्रमुख नेताओं की भूमिका और उद्देश्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बैठक के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि सत्र का मुख्य लक्ष्य है कि विपक्ष अपने मुद्दे उठाए और सरकार उनका संतोषजनक जवाब दे। वहीं, ब्रजेश पाठक ने बताया कि अनुपूरक बजट पर चर्चा के साथ-साथ राज्य के सभी विधायकों के सवालों का जवाब भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता राज्य के 25 करोड़ नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने की है।
निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने भी बैठक में सहयोग का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि उनका दल सरकार के साथ खड़ा है और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि यह अनुपूरक बजट योगी सरकार के तीसरे कार्यकाल में पहले विकासात्मक कदम के रूप में पेश किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के विकास की गति को और बढ़ावा मिलेगा।










