कौन हैं केटी जकारिया? ट्रंप की नई प्रेस सेक्रेटरी की डिग्री और लाइसेंस पर क्यों उठे सवाल

डोनाल्ड ट्रंप की नई प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया इन दिनों कानूनी योग्यता को लेकर चर्चा में हैं। उनकी लॉ डिग्री, वकालत के लाइसेंस और पेशेवर अनुभव पर उठे सवालों के बीच जानिए कौन हैं केटी जकारिया और क्या है पूरा विवाद।

केटी जकारिया को लेकर क्यों मचा बवाल?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया की कानूनी योग्यता पर सवाल उठ रहे हैं। उनके वकालत के लाइसेंस का रिकॉर्ड नहीं मिलने के दावों ने विवाद को हवा दी है।

कहां से हासिल की कानून की डिग्री?

केटी जकारिया ने 2007 में पेपरडाइन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और 2011 में पेपरडाइन कारुसो स्कूल ऑफ लॉ से कानून की डिग्री हासिल की। उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने चीन में एक लॉ फर्म के साथ भी काम किया।

बार एग्जाम को लेकर उठा सवाल

पत्रकारों ने जकारिया से पूछा कि उन्होंने किस जगह बार एग्जाम पास किया है। उन्होंने जवाब देना शुरू किया, लेकिन हेलिकॉप्टर के शोर के कारण उनकी बात स्पष्ट नहीं हो सकी।

अमेरिकी राज्यों में लाइसेंस का रिकॉर्ड नहीं?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैलिफोर्निया स्टेट बार के रिकॉर्ड में उनके नाम से वकालत का लाइसेंस नहीं मिला। एक मीडिया प्लेटफॉर्म ने भी अमेरिकी राज्यों और वॉशिंगटन डीसी में लाइसेंस का रिकॉर्ड नहीं मिलने का दावा किया है।

मीडिया और राजनीति में भी रहा अनुभव

केटी जकारिया फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स जैसे मीडिया संस्थानों पर टिप्पणीकार के रूप में नजर आ चुकी हैं। वह ट्रंप की मीडिया कंपनी में वरिष्ठ संचार सलाहकार और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग में भी काम कर चुकी हैं।

जांच की मांग, आधिकारिक पुष्टि बाकी

कैंपेन फॉर अकाउंटेबिलिटी नामक निगरानी संस्था ने कैलिफोर्निया स्टेट बार से शिकायत कर मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक शिकायत या जांच की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए विवाद पर अंतिम स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Next Story