आज भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में ही 790.87 अंक गिरकर 73,821.56 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 231.15 अंक टूटकर 22,313.90 पर कारोबार कर रहा था।
बिजनेस न्यूज़: आज भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में ही 790.87 अंक गिरकर 73,821.56 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 231.15 अंक टूटकर 22,313.90 पर कारोबार कर रहा था। बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी रहा और देखते ही देखते सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा टूट गया। सुबह 9:50 बजे तक सेंसेक्स 940.77 अंकों (1.26%) की गिरावट के साथ 73,703.80 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 272.96 अंक (1.21%) गिरकर 22,272.10 पर कारोबार करता दिखा।
वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत
अमेरिकी शेयर बाजार (वॉल स्ट्रीट) में भारी गिरावट के चलते एशियाई बाजारों में भी कमजोर शुरुआत देखने को मिली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से जुड़ी चिंताओं और अमेरिका द्वारा चीन, मैक्सिको और कनाडा पर आयात शुल्क बढ़ाने की घोषणा के कारण निवेशकों का भरोसा डगमगा गया। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा, जिससे निवेशकों में हड़कंप मच गया।
टेक्नोलॉजी शेयरों में भारी गिरावट
प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में आई तेज गिरावट के कारण वैश्विक बाजारों में भारी दबाव देखने को मिला। टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में निक्केई 225 इंडेक्स 3.4% गिरकर 36,939.89 पर पहुंच गया। टेक्नोलॉजी कंपनियों पर सबसे अधिक असर देखा गया, जहां कंप्यूटर चिप परीक्षण उपकरण निर्माता एडवांटेस्ट के शेयर 9.4% गिर गए, वहीं डिस्को कॉर्प 11.1% और टोक्यो इलेक्ट्रॉन 5.3% गिर गया।
एशियाई बाजारों में हाहाकार
हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 2.3% गिरकर 23,175.49 पर पहुंच गया, जबकि शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.9% गिरकर 3,358.28 पर आ गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.2% टूटकर 2,538.07 पर पहुंचा। ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 इंडेक्स 1.1% की गिरावट के साथ 8,174.10 पर आ गया। गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.6% गिरकर 5,861.57 पर पहुंचा, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.4% की गिरावट के साथ 43,239.50 पर बंद हुआ।
नैस्डैक कंपोजिट 2.8% गिरकर 18,544.42 पर बंद हुआ। अमेरिकी बाजारों में आई इस गिरावट का असर एशियाई और भारतीय शेयर बाजारों पर साफ देखने को मिल रहा हैं।