हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के तीन गानों को सरकार ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में यूट्यूब से बैन कर दिया है। इस फैसले से नाराज मासूम शर्मा ने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया है। इससे पहले भी वह तीन बड़े विवादों में फंस चुके हैं। जानिए कौन हैं मासूम शर्मा और किन विवादों में रह चुके हैं।
एंटरटेनमेंट डेस्क: हरियाणा सरकार ने गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों पर सख्ती दिखाई है। इसी कड़ी में मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के तीन गाने यूट्यूब से हटा दिए गए हैं। सरकार के इस फैसले के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मासूम शर्मा ने इस बैन को भेदभावपूर्ण बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊंचे पद पर बैठे एक व्यक्ति के कहने पर उनके गानों को बैन किया गया है। यह पहली बार नहीं है जब वह विवादों में आए हैं। इससे पहले भी उनके नाम कई बड़े विवाद जुड़े चुके हैं।
सरकार ने क्यों बैन किए मासूम शर्मा के गाने?
हरियाणा सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए मासूम शर्मा, नरेंद्र भगाना और अंकित बालियान के कुल पांच गानों को बैन कर दिया है। इनमें से तीन गाने- ‘ट्यूशन बदमाशी का’, ‘60 मुकद्दमे’ और ‘खटोआ’ - मासूम शर्मा के थे। सरकार का कहना है कि इन गानों में गन कल्चर को बढ़ावा दिया गया है, जिससे युवा अपराध की ओर आकर्षित हो सकते हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी की अगुवाई में हुई एक समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैन पर क्या बोले मासूम शर्मा?
गानों पर बैन लगने के बाद मासूम शर्मा ने फेसबुक लाइव के जरिए सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार ने गलत तरीके से उनके गानों को हटाया है। उनका आरोप है कि हरियाणा सरकार के प्रचार सेल से जुड़े एक अधिकारी के कहने पर यह कार्रवाई की गई है। मासूम के मुताबिक, उस अधिकारी के साथ उनके व्यक्तिगत मतभेद रहे हैं और इसी वजह से उनके गानों को निशाना बनाया गया।
कौन हैं मासूम शर्मा?
मासूम शर्मा हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर, म्यूजिक कंपोजर और गीतकार हैं। 33 वर्षीय इस सिंगर ने 2009 में ‘जलवा हरियाणा’ एल्बम से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्हें ‘ईपी रूपा’, ‘जप नाम भोले का’, ‘2 नंबरी’, ‘गुंडे ते प्यार’, ‘एक खटोला जेल के भीतर’ और ‘बदमाशा का ब्याह’ जैसे गानों के लिए जाना जाता है।
पहले भी विवादों में फंस चुके हैं मासूम शर्मा
यह पहला मौका नहीं है जब मासूम शर्मा विवादों में आए हैं। इससे पहले भी वह कई मामलों में चर्चा में रह चुके हैं।
1. जान से मारने की धमकी: 2021 में एक अनजान शख्स ने उन्हें वॉट्सऐप कॉल पर जान से मारने की धमकी दी थी।
2. ब्लैकमेलिंग का आरोप: उसी साल एक महिला ने उनके और तीन अन्य लोगों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कराया था।
3. कॉमेडियन विश्वास चौहान पर हमला: 2022 में मशहूर हरियाणवी कॉमेडियन विश्वास चौहान ने आरोप लगाया था कि मासूम शर्मा ने उन पर गोली चलाई थी।
क्या आगे भी बैन होंगे गाने?
हरियाणा सरकार ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी ऐसे गानों पर कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार का कहना है कि गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले कंटेंट पर सख्ती बरती जाएगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बैन के बाद हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री पर क्या असर पड़ता है और कलाकार किस तरह अपनी प्रतिक्रिया देते हैं।