क्या MCU में लौटेंगी Black Widow? स्कारलेट जोहानसन ने दिया बड़ा बयान, फैंस को नहीं हो रहा यकीन

क्या MCU में लौटेंगी Black Widow? स्कारलेट जोहानसन ने दिया बड़ा बयान, फैंस को नहीं हो रहा यकीन
अंतिम अपडेट: 6 घंटा पहले

स्कारलेट जोहानसन और मार्वल फैंस के लिए ब्लैक विडो आज भी एक खास जगह रखती हैं। एजेंट नताशा रोमनॉफ की फिर से MCU में एंट्री को लेकर लगातार चर्चा हो रही थी। अब खुद स्कारलेट जोहानसन ने इस पर अपना रुख साफ कर दिया है।

एंटरटेनमेंट डेस्क: स्कारलेट जोहानसन और मार्वल फैंस के दिलों में ब्लैक विडो का किरदार आज भी जिंदा है। मल्टीवर्स के चलते कई पुराने किरदारों की वापसी हो रही है, जिससे एजेंट नताशा रोमनॉफ के दोबारा MCU में लौटने की अटकलें भी तेज हो गई थीं। लेकिन अब खुद स्कारलेट जोहानसन ने इस पर चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा खुलासा किया है।

ब्लैक विडो की वापसी पर स्कारलेट ने क्या कहा?

मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में लगातार क्रॉसओवर और टाइमलाइन शिफ्ट हो रहे हैं, जिससे कई किरदारों की वापसी हो चुकी है। ऐसे में फैंस उम्मीद कर रहे थे कि 'एवेंजर्स: एंडगेम' (2019) में मर चुकी नताशा रोमनॉफ फिर से MCU में दिखाई दे सकती हैं। हालांकि, 2021 में स्कारलेट जोहानसन 'ब्लैक विडो' नाम की प्रीक्वल फिल्म में नजर आई थीं।

अब 40 साल की स्कारलेट ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की है। हाल ही में 'इनस्टाइल' को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "नताशा मर चुकी है। हां, वह मर चुकी है। ठीक है?" स्कारलेट ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी वापसी की कोई संभावना नहीं है।

"उसे उसका हीरो मोमेंट मिलने दें"

स्कारलेट जोहानसन ने आगे कहा, "देखिए, मुझे लगता है कि पूरे ब्रह्मांड का संतुलन उसके हाथ में था। हमें उसे जाने देना होगा। उसने दुनिया को बचाया, अब उसे उसका हीरो मोमेंट मिलने दें।"

हालांकि, मार्वल के कई फैंस अभी भी इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर काफी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, "हम इसे सच नहीं मान सकते!" तो वहीं, कई फैंस MCU में किसी भी तरह से नताशा की वापसी देखने की उम्मीद कर रहे हैं।

पहले भी कर चुकी हैं ऐसी बात, लेकिन...

यह पहली बार नहीं है जब स्कारलेट जोहानसन ने MCU में अपनी वापसी पर बात की हो। 2023 में भी उन्होंने एक इंटरव्यू में कुछ ऐसा ही कहा था। तब 'टुडे शो' में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, "मुझे लगता है कि यह अंत था, है ना? यह एक चमत्कार होगा, अगर वह लौटती है तो। यह वाकई में मार्वल का चमत्कार होगा। लेकिन कौन जानता है?"

उनके इस बयान के बाद फैंस को उम्मीद जगी थी कि किसी न किसी तरह MCU में ब्लैक विडो की वापसी हो सकती है। लेकिन अब उनका ताजा बयान इन अटकलों पर पूरी तरह से विराम लगाता नजर आ रहा है।

स्कारलेट के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स

MCU से अलग स्कारलेट जोहानसन अब कई नए प्रोजेक्ट्स पर फोकस कर रही हैं। उनकी अगली फिल्म 'द फोनीशियन स्कीम' इस साल 6 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा, वह 2 जुलाई 2025 को आने वाली 'जुरासिक वर्ल्ड: रीबर्थ' में भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इतना ही नहीं, स्कारलेट अब निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रख रही हैं। वह अपनी पहली फीचर फिल्म 'एलेनोर द ग्रेट' को डायरेक्ट कर रही हैं, जिसमें जून स्क्विब मुख्य भूमिका निभाएंगी।

MCU की अपकमिंग फिल्में और फैंस की एक्साइटमेंट

मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स लगातार अपने नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। हाल ही में फरवरी में 'कैप्टन अमेरिका: ब्रेव न्यू वर्ल्ड' रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। आगे 2 मई को 'थंडरबोल्ट्स' और 25 जुलाई को 'द फैंटास्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स' सिनेमाघरों में दस्तक देंगी।

हालांकि, फैंस सबसे ज्यादा 'एवेंजर्स: सीक्रेट वॉर्स' और 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का इंतजार कर रहे हैं। इन फिल्मों में रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी हो रही है, लेकिन इस बार वह आयरन मैन नहीं, बल्कि सुपर विलेन डॉक्टर डूम के रूप में नजर आएंगे।

क्या फैंस मान पाएंगे ब्लैक विडो की विदाई?

स्कारलेट जोहानसन ने भले ही साफ कर दिया हो कि ब्लैक विडो की वापसी अब संभव नहीं है, लेकिन MCU की दुनिया में कुछ भी मुमकिन हो सकता है। मल्टीवर्स की अवधारणा को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि भविष्य में किसी न किसी रूप में ब्लैक विडो फिर से स्क्रीन पर नजर आ सकती है। अब देखना होगा कि मार्वल इस किरदार को आगे किस तरह से ट्रिब्यूट देता है और फैंस इस सच्चाई को स्वीकार कर पाते हैं या नहीं।

Leave a comment