सिनेमा जगत के सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स में से एक 'ऑस्कर' का 97वां संस्करण आज आयोजित किया जाएगा। लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में यह भव्य समारोह होगा, जिसे कॉमेडियन और पॉडकास्टर कॉनन ओ'ब्रायन होस्ट करेंगे। दुनियाभर के सिनेप्रेमी इस समारोह का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस अवॉर्ड की शुरुआत कब और कैसे हुई? आइए इसके दिलचस्प इतिहास पर नजर डालते हैं।
कैसे हुई ऑस्कर अवॉर्ड की शुरुआत?
साल 1927 में हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गजों को यह विचार आया कि फिल्म निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाना चाहिए। एमजीएम स्टूडियो के प्रमुख लुइस बी. मेयर ने इस विचार को आगे बढ़ाया। उन्होंने अभिनेता कॉनरेड नागेल, डायरेक्टर फ्रेड निबलो और प्रोड्यूसर फीड बीट्सन के साथ चर्चा की और सिनेमा में उत्कृष्टता को सम्मानित करने के लिए एक संस्था बनाने का फैसला किया।
जब 36 लोगों की बैठक में हुई ऐतिहासिक घोषणा
लुइस बी. मेयर के इस प्रस्ताव को फिल्म इंडस्ट्री के अन्य लोगों ने भी पसंद किया। 11 जनवरी 1927 को कैलिफोर्निया के एंबेसेडर होटल में एक डिनर पार्टी आयोजित की गई, जिसमें 36 प्रभावशाली फिल्मी हस्तियां शामिल हुईं। इसी बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए एक संगठन बनाया जाएगा। 11 मई 1927 को यह संगठन ‘अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेस’ (AMPAS) के रूप में आधिकारिक रूप से स्थापित हो गया। इस संगठन के पहले अध्यक्ष डगलस फेयरबैंक्स बने।
पहला ऑस्कर अवॉर्ड कब और कैसे दिया गया?
पहला ऑस्कर अवॉर्ड समारोह 16 मई 1929 को हॉलीवुड के रूजवेल्ट होटल के ब्लॉसम रूम में आयोजित किया गया था। यह एक डिनर पार्टी थी, जिसमें केवल 270 लोग मौजूद थे। इस इवेंट में 1927 से 1928 के बीच बनी फिल्मों में से 15 विजेताओं को सम्मानित किया गया। खास बात यह थी कि उस समय इस समारोह का क्रेज उतना नहीं था, क्योंकि इसमें भाग लेने के लिए टिकट खरीदनी पड़ती थी, जिसकी कीमत मात्र 5 डॉलर थी। यह समारोह केवल 15 मिनट तक चला था।
अवॉर्ड का नाम ‘ऑस्कर’ कैसे पड़ा?
अकादमी अवॉर्ड को आमतौर पर ‘ऑस्कर’ के नाम से जाना जाता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसका असली नाम ‘अकादमी अवॉर्ड ऑफ मेरिट’ है। इस ट्रॉफी को ‘ऑस्कर’ नाम देने का श्रेय AMPAS की लाइब्रेरियन मार्गरेट हेरिक को जाता है। जब उन्होंने पहली बार इस ट्रॉफी को देखा, तो उन्हें यह अपने अंकल ‘ऑस्कर’ जैसी लगी, और तभी से यह नाम प्रचलित हो गया। 1939 में अकादमी ने आधिकारिक रूप से इस नाम को स्वीकार कर लिया।
97वें ऑस्कर अवॉर्ड्स का रोमांच
2025 के ऑस्कर अवॉर्ड्स को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है। यह समारोह भारतीय समयानुसार 3 मार्च की सुबह 5:30 बजे से 8:30 बजे तक लाइव देखा जा सकता है। दुनियाभर के फिल्मी सितारे इस मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और बेहतरीन फिल्मों, अभिनेताओं और फिल्म से जुड़ी अन्य श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।