बांग्लादेश के सेना प्रमुख का बड़ा बयान: 'देश की संप्रभुता पर खतरा', क्या गिरने वाली है यूनुस सरकार?

बांग्लादेश के सेना प्रमुख का बड़ा बयान: 'देश की संप्रभुता पर खतरा', क्या गिरने वाली है यूनुस सरकार?
अंतिम अपडेट: 3 घंटा पहले

बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने देश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और राजनीतिक अस्थिरता पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए चेतावनी दी है कि यदि राजनीतिक दल आपसी मतभेदों को समाप्त नहीं करते, तो देश की संप्रभुता और स्वतंत्रता पर गंभीर खतरा हो सकता है।

जनरल जमान ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे आपसी विवादों को सुलझाकर देश में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए एकजुट होकर काम करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेना की प्राथमिकता फिलहाल कानून व्यवस्था बहाल करना है और इसके बाद वह बैरकों में लौटने का इरादा रखते हैं।

बांग्लादेश के आर्मी चीफ की चेतावनी

सैन्य समारोह में जनरल वकार-उज-जमान ने कहा, "आज जो अराजकता देखी जा रही है, वह कहीं ना कहीं हमारी ही बनाई हुई है।" उन्होंने पुलिस महकमे की स्थिति पर भी चिंता जताई, यह बताते हुए कि छोटे अफसरों से लेकर सीनियर अधिकारी तक डर के माहौल में काम कर रहे हैं, क्योंकि उनके सहकर्मी मुकदमों का सामना कर रहे हैं या जेल में हैं।

जनरल जमान ने कहा, "समाज में हिंसा और अराजकता का बढ़ता हुआ माहौल देश की संप्रभुता को खतरे में डाल सकता है।" उनका यह बयान बांग्लादेश की सुरक्षा स्थिति पर सवाल उठाता है, जिससे देश में संकट की स्थिति और बढ़ सकती है।

शांति की अपील राजनीति पर निशाना

जनरल जमान ने बांग्लादेशी नागरिकों से शांति की अपील की और कहा कि अगर राजनीतिक दल आपस में लड़ते रहेंगे तो देश की स्वतंत्रता और अखंडता को खतरा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त हैं, जिससे उपद्रवियों को स्थिति का लाभ उठाने का मौका मिल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस घातक स्थिति का असर छात्र-नेतृत्व वाले आंदोलनों पर भी पड़ सकता है।

बांग्लादेश में चुनाव की संभावना

जनरल वकार-उज-जमान ने आगामी चुनाव पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, "मैंने पहले ही कहा था कि चुनाव में 18 महीने का समय लग सकता है, और हम उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।" हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि प्रोफेसर यूनुस इस दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन चुनाव के संबंध में उन्होंने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

इस बीच, यूनुस सरकार ने घोषणा की है कि बांग्लादेश में आगामी आम चुनाव इस साल के अंत तक या 2026 की शुरुआत में होंगे। यह घोषणा चुनावी प्रक्रिया के संबंध में और देश के राजनीतिक संकट के बीच की जटिलताओं को और बढ़ा सकती है।

क्या गिरेगी यूनुस सरकार

बांग्लादेश के बढ़ते राजनीतिक संकट और सेना प्रमुख की चेतावनी के बीच यूनुस सरकार के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। विपक्षी दलों द्वारा सरकार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, और अब सेना के इस बयान ने राजनीतिक अस्थिरता को और भी गहरा कर दिया है।

Leave a comment