Columbus

IPL 2025: 27 करोड़ में बिके ऋषभ पंत निकले फ्लॉप, बरकरार रखी 17 साल पुरानी परंपरा

IPL 2025: 27 करोड़ में बिके ऋषभ पंत निकले फ्लॉप, बरकरार रखी 17 साल पुरानी परंपरा
अंतिम अपडेट: 8 घंटा पहले

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का सीजन रोमांचक मोड़ पर है, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए ऋषभ पंत की कहानी दर्दनाक बन गई। 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर खरीदे गए ऋषभ पंत का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है। 17 साल पुराने आईपीएल इतिहास में एक बार फिर यह साबित हो गया कि लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी अक्सर उम्मीदों पर पानी फेरते हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जब फ्रेंचाइज़ी टीमें खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये खर्च करती हैं, तो उनकी उम्मीद होती है कि ये खिलाड़ी टीम की किस्मत बदलेंगे। इसी कारण हर सीजन में महंगे खिलाड़ियों की बोली और ऊंची होती गई है। आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपरजायंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे वह लीग इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। लेकिन पंत अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं।

यह कोई नई बात नहीं है, लीग के इतिहास में अक्सर देखा गया है कि जो खिलाड़ी सीजन का सबसे महंगा बिकता है, वह ज्यादातर मौकों पर प्रदर्शन में विफल रहा है।

करोड़ों की उम्मीद, सैकड़ों का प्रदर्शन

लखनऊ सुपर जायंट्स ने मेगा ऑक्शन 2025 में इतिहास रचते हुए ऋषभ पंत पर 27 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। इस भारी निवेश के पीछे फ्रेंचाइजी की उम्मीद थी कि पंत टीम को खिताब के करीब ले जाएंगे। लेकिन अब तक खेले गए 9 मुकाबलों में पंत महज 106 रन ही जोड़ सके हैं, जिसमें केवल एक अर्धशतक शामिल है।

आलोचक मानते हैं कि पंत की खराब फॉर्म ने लखनऊ की रणनीति को भी चोट पहुंचाई है। टीम प्रबंधन, जो पंत को 'मैच विनर' के रूप में देख रहा था, अब असमंजस में है कि इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बावजूद वांछित नतीजे क्यों नहीं मिल पा रहे।

महंगे खिलाड़ियों का 'फेल्योर पैटर्न'

ऋषभ पंत का यह हाल कोई अपवाद नहीं है। आईपीएल के इतिहास में जब-जब किसी खिलाड़ी पर मोटी रकम खर्च हुई है, उसने प्रदर्शन के मोर्चे पर अपेक्षाएं तोड़ी हैं। पिछले सीजन यानी 2024 में, कोलकाता नाइटराइडर्स ने मिचेल स्टार्क पर 24.75 करोड़ खर्च किए थे। स्टार्क ने 17 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनकी गेंदबाजी से वह दबदबा नहीं दिखा जो उनसे अपेक्षित था।

  • आईपीएल 2024: आईपीएल 2024 के सबसे महंगे प्‍लेयर मिचेल स्‍टार्क थे। कोलकाता नाइटराइडर्स ने मिनी ऑक्‍शन में उन्‍हें 24.75 करोड़ में खरीदा था। पिछले सीजन स्‍टार्क ने 13 मैच खेले थे और 17 विकेट लिए थे। वह 17वें सीजन में 15वें सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
  • आईपीएल 2023: सैम करन आईपीएल 2023 के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। पंजाब किंग्‍स ने उन पर 18.5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। करन ने 14 मैच की 13 पारियों में 276 रन बनाए थे। साथ ही 14 मुकाबलों में वह 10 विकेट ही चटका पाए थे।
  • आईपीएल 2022: आईपीएल 2022 में मेगा ऑक्‍शन हुआ था। ईशान किशन तब सबसे महंगे प्‍लेयर थे। मुंबई इंडियंस ने ईशान किशन को 15.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। ईशान ने 15वें सीजन में 14 मैच खेले थे और 418 रन बनाए थे। इस दौरान उनकी औसत 32.15 की और स्‍ट्राइक रेट 120.11 की रही थी।
  • आईपीएल 2021: क्रिस मॉरिस आईपीएल 2021 के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। राजस्‍थान रॉयल्‍स ने उन पर 16.25 करोड़ रुपये खर्च कर दिए थे। लीग के 14वें सीजन में गेंदबाजी ऑलराउंडर ने 11 मैच में सिर्फ 15 विकेट हासिल किए थे। साथ ही वह 7 पारियों में 67 रन ही बना पाए थे।
  • आईपीएल 2020: आईपीएल 2020 में सबसे महंगे प्‍लेयर पैट कमिंस थे। ऑस्‍ट्रेलिया के तेज गेंदबाज कमिंस को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 15.5 करोड़ में अपने साथ जोड़ लिया था। सीजन के सबसे महंगे प्‍लेयर होने के बाद भी पैट गेंद से फीके रहे थे। उन्‍होंने 14 मैच में सिर्फ 12 सफलताएं प्राप्‍त की थीं।
  • आईपीएल 2019: आईपीएल 2019 के सबसे महंगे प्‍लेयर की बात करें तो जयदेव उनादकट (राजस्‍थान रॉयल्‍स) और वरुण चक्रवर्ती (किंग्‍स 11 पंजाब) थे। दोनों को उनकी फ्रेंचाइजी ने 8.4-8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। जयदेव उनादकट ने 11 मैच में सिर्फ 10 विकेट लिए थे। वहीं वरुण ने 1 मैच में 1 ही विकेट लिया था।
  • आईपीएल 2018: बेन स्‍टोक्‍स आईपीएल 2018 के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। राजस्‍थान रॉयल्‍स ने उन्‍हें 12.5 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। 11वें सीजन में स्‍टोक्स ने 13 मैच खेले थे और सिर्फ 8 विकेट लिए थे। साथ ही 13 मैच की 13 पारियों में उन्‍होंने 196 रन बनाए थे।
  • आईपीएल 2017: आईपीएल 2017 के सबसे महंगे प्‍लेयर भी बेन स्‍टोक्‍स ही थे। राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने उन्‍हें 14.5 करोड़ में खरीदा था। 10वें सीजन में स्‍टोक्‍स ने 12 मैच की 11 पारियों में 316 रन बनाए थे। साथ ही 12 विकेट भी अपने नाम किए थे।
  • आईपीएल 2016: ऑस्‍ट्रेलिया के शेन वॉटसन आईपीएल 2016 के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन पर 9.5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। वॉटसन ने उस सीजन 16 मैच की 15 पारियों में 179 रन बनाए थे। इस दौरान वह कोई अर्धशतक तक नहीं लगा पाए थे।
  • आईपीएल 2015: आईपीएल 2015 के सबसे महंगे प्‍लेयर युवराज सिंह थे। दिल्‍ली डेयरडेविल्‍स ने युवराज को 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। 8वें सीजन में यूवी ने 14 मैच खेले थे और 13 पारियों में 248 रन बनाए थे।
  • आईपीएल 2014: युवराज सिंह आईपीएल 2014 के भी सबसे महंगे प्‍लेयर थे। आरसीबी ने उन पर 14 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इस सीजन युवराज ने 14 मैच खेले थे। उन्‍होंने 14 पारियों में 34.18 की औसत से 376 रन बनाए थे।
  • आईपीएल 2013: आईपीएल 2013 के सबसे महंगे प्‍लेयर ग्‍लेन मैक्‍सवेल थे। मुंबई इंडियंस ने कंगारू ऑलराउंडर पर 6.3 करोड़ रुपये खर्च किए थे। मैक्‍सवेल ने 3 मैच की 3 पारियों में 36 रन बनाए थे।
  • आईपीएल 2012: रवींद्र जडेजा आईपीएल 2012 के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने उन्‍हें 12.8 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। जडेजा ने 5वें सीजन में 19 मैच खेले थे और 14 पारियों में 191 रन बनाए थे। इसके अलावा भारतीय ऑलराउंडर ने 12 विकेट अपने नाम किए थे।
  • आईपीएल 2011: वर्तमान में भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर आईपीएल 2011 के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन्‍हें 14.9 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। गंभीर ने उस सीजन 15 मैच खेल थे और 15 पारियों में 378 रन बनाए थे। वह चौथे सीजन 16वें सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बैटर थे।
  • आईपीएल 2010: शेन बॉन्ड (कोलकाता नाइटराइडर्स) और कीरोन पोलार्ड (मुंबई इंडियंस) आईपीएल 2010 के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। दोनों को उनकी फ्रेंचाइजी ने 4.8-4.8 करोड़ रुपये देकर अपने साथ जोड़ा था। शेन बॉन्ड ने 8 मैच में 9 विकेट लिए थे। वहीं पोलार्ड ने 14 मैच में 15 शिकार किए थे। साथ ही पोलार्ड ने 14 मैच में 273 रन भी बनाए थे।
  • आईपीएल 2009: केविन पीटरसन (आरसीबी) और एंड्रयू फ्लिंटॉफ (सीएसके) आईपीएल 2009 के संयुक्‍त रूप से सबसे महंगे प्‍लेयर थे। उनकी फ्रेंचाइजी ने दोनों प्‍लेयर पर 9.8-9.8 करोड़ रुपये खर्च किए थे। पीटरसन ने दूसरे ही सीजन में 6 मैच खेले थे और 93 रन बनाए थे। वहीं फ्लिंटॉफ 3 मैच में 62 रन ही बना सके थे।
  • आईपीएल 2008: महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के पहले सीजन के सबसे महंगे प्‍लेयर थे। आईपीएल 2008 में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने उन पर 9.5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। धोनी ने लीग के डेब्‍यू सीजन में 414 रन बना दिए थे। वह पहले सीजन 9वें सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज थे।

क्यों फेल हो रहे हैं महंगे खिलाड़ी?

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि महंगे खिलाड़ियों पर बढ़ता दबाव उनकी फॉर्म पर सीधा असर डालता है। भारी कीमत का टैग उनके सिर पर मानसिक दबाव बनाता है, जिससे वे अपने स्वाभाविक खेल से दूर हो जाते हैं। इसके अलावा, टीम की उन पर निर्भरता भी उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी के बोझ तले दबा देती है।

Leave a comment