इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 11वें मुकाबले में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा। यह मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: गुवाहाटी के बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को आईपीएल 2025 के 11वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए रोमांचक मुकाबले से पहले एक ऐतिहासिक क्षण ने सबका ध्यान खींचा। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और 'थाला' के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी को बीसीसीआई द्वारा विशेष सम्मान से नवाजा गया। धोनी इस सम्मान को प्राप्त करने वाले दूसरे क्रिकेटर बन गए। इससे पहले यह सम्मान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को मिला था।
धोनी के स्वैग का जलवा
बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में धोनी का स्वागत एक सुपरस्टार की तरह हुआ। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने धोनी को विशेष स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस खास मौके का वीडियो आईपीएल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर साझा किया, जिसमें धोनी का स्वैग और फैंस की दीवानगी साफ झलक रही थी।
धोनी, जो आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले बल्लेबाज हैं, ने इस मुकाबले में अपना 267वां मैच खेला। 2008 से आईपीएल में सक्रिय धोनी ने अब तक 266 मैचों की 231 पारियों में 39.35 की औसत और 137.68 की स्ट्राइक रेट से 5289 रन बनाए हैं। उन्होंने 24 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन है।
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में धोनी का नाम
धोनी आईपीएल में छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस सूची में शीर्ष पर विराट कोहली (8094 रन) हैं। उनके बाद शिखर धवन (6769 रन), रोहित शर्मा (6636 रन), डेविड वॉर्नर (6565 रन) और सुरेश रैना (5528 रन) का स्थान है। गुवाहाटी का बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स की मेजबानी कर रहा था। जैसे ही धोनी मैदान पर आए, स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस ने जोरदार स्वागत किया। धोनी के नाम के नारे गूंज उठे और उनके हर एक्शन पर दर्शक झूम उठे।
धोनी का सफर और सम्मान
महेंद्र सिंह धोनी ने न सिर्फ भारतीय क्रिकेट टीम को ऊंचाइयों पर पहुंचाया, बल्कि आईपीएल में भी अपनी कप्तानी और खेल से अमिट छाप छोड़ी है। चेन्नई सुपर किंग्स को चार बार आईपीएल का खिताब दिलाने वाले धोनी को यह सम्मान मिलना उनके योगदान की गवाही है। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन धोनी के लिए फैंस का प्यार कम नहीं हुआ। उनके नेतृत्व में चेन्नई का सफर जारी है, और फैंस को उम्मीद है कि 'थाला' एक बार फिर ट्रॉफी उठाएंगे।