अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) द्वारा 1 मार्च 2025 को जारी ताजा रैंकिंग में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश और आर प्रज्ञानंद ने शानदार प्रदर्शन किया हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) द्वारा 1 मार्च 2025 को जारी ताजा रैंकिंग में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश और आर प्रज्ञानंद ने शानदार प्रदर्शन किया है। डी गुकेश ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल करते हुए विश्व के शीर्ष तीन खिलाड़ियों में जगह बना ली है, जबकि आर प्रज्ञानंद ने महीनों बाद टॉप-10 में वापसी की हैं।
गुकेश की ऐतिहासिक छलांग, बने दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी
भारतीय शतरंज स्टार डी गुकेश ने FIDE की नई रैंकिंग में 10 रेटिंग अंक हासिल करते हुए कुल 2787 रेटिंग के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने हाल ही में टाटा स्टील मास्टर्स 2025 में दमदार प्रदर्शन किया, हालांकि टाईब्रेक मुकाबले में आर प्रज्ञानंद के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इसके बावजूद गुकेश ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए विश्व टॉप-3 में अपनी जगह बना ली।
वर्तमान में, अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामुरा 2802 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि नॉर्वे के पूर्व विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन 2833 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।
आर प्रज्ञानंद की टॉप-10 में जबरदस्त वापसी
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद के लिए यह रैंकिंग खास रही क्योंकि उन्होंने लगभग आठ महीने बाद टॉप-10 में वापसी कर ली है। उन्होंने हाल ही में आयोजित प्राग मास्टर्स में शानदार खेल दिखाते हुए 17 अंक अर्जित किए और कुल 2758 रेटिंग के साथ 8वें स्थान पर पहुंच गए। इससे पहले जुलाई 2024 में वह टॉप-10 से बाहर हो गए थे, लेकिन अब दोबारा अपनी जगह पक्की कर ली हैं।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
अर्जुन एरिगैसी, जो कुछ समय पहले भारत के शीर्ष खिलाड़ी थे, अब 2777 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। महिलाओं की रैंकिंग में भारत की ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी 2528 अंकों के साथ छठे स्थान पर बनी हुई हैं। डी गुकेश और आर प्रज्ञानंद की सफलता यह दिखाती है कि भारतीय शतरंज खिलाड़ी अब वैश्विक स्तर पर मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। अगर इनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा, तो जल्द ही भारतीय ग्रैंडमास्टर वर्ल्ड नंबर-1 बनने की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।