वैलेंटाइन वीक में शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ को बॉक्स ऑफिस पर कड़ी चुनौती मिलने वाली है। एक तरफ शनाया कपूर की नई फिल्म ‘तू या मैं’ रिलीज हो रही है, तो दूसरी ओर 24 साल पुरानी हिट ‘ये दिल आशिकाना’ की री-रिलीज दर्शकों का ध्यान खींच सकती है।
Box Office Clash Valentine Week: बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म को दर्शकों से पहले ही अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन इसी दिन शनाया कपूर और आदर्श गौरव की ‘तू या मैं’ भी आ रही है। इतना ही नहीं, 2002 की हिट रोमांटिक फिल्म ‘ये दिल आशिकाना’ की दोबारा रिलीज इस मुकाबले को और दिलचस्प बना रही है। वैलेंटाइन डे के मौके पर रोमांस पसंद करने वाले दर्शकों को ध्यान में रखते हुए यह बॉक्स ऑफिस टकराव अहम माना जा रहा है।
वैलेंटाइन वीक में बॉक्स ऑफिस क्लैश
शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही अच्छा क्रेज है। टीजर और ट्रेलर को सोशल मीडिया पर मजबूत प्रतिक्रिया मिली है, जिससे फिल्म के ओपनिंग कलेक्शन को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, इसी दिन शनाया कपूर और आदर्श गौरव की फिल्म ‘तू या मैं’ भी सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
दो नई फिल्मों के बीच रिलीज डेट का टकराव अपने आप में चुनौती है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ऐसे हालात में ओपनिंग डे पर स्क्रीन शेयर और शो टाइमिंग अहम भूमिका निभाएगी। शुरुआती रुझान यह बताते हैं कि ‘ओ रोमियो’ को स्टार पावर का फायदा मिल सकता है।
24 साल बाद लौट रही ‘ये दिल आशिकाना’
इस क्लैश को और रोचक बनाती है 2002 की रोमांटिक हिट फिल्म ‘ये दिल आशिकाना’ की दोबारा रिलीज। करण नाथ और जिविधा शर्मा स्टारर यह फिल्म 24 साल बाद नए एडिट और एक नए गाने के साथ सिनेमाघरों में लौट रही है। मेकर्स ने इसका अपडेटेड ट्रेलर भी जारी कर दिया है, जिसे आज के दर्शकों के हिसाब से तैयार किया गया है।
दिग्गज गायक कुमार सानू ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की है। वैलेंटाइन डे पर रोमांटिक फिल्मों की मांग को देखते हुए माना जा रहा है कि यह री-रिलीज खासकर नॉस्टैल्जिया पसंद करने वाले दर्शकों को थिएटर तक खींच सकती है।
पुरानी हिट का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड
‘ये दिल आशिकाना’ का निर्देशन कुकू कोहली ने किया था। करीब 4.25 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी मूल रिलीज के दौरान भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 10.43 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। उस दौर में इसे एक सफल रोमांटिक फिल्म माना गया था।
अब सवाल यह है कि क्या यह री-रिलीज नई फिल्मों की कमाई पर असर डाल पाएगी। ट्रेड जानकारों का मानना है कि इसका असर सीमित स्क्रीन और चुनिंदा शहरों तक रह सकता है, लेकिन शुरुआती दिनों में यह ‘ओ रोमियो’ के कलेक्शन को थोड़ा दबाव में डाल सकती है।










