AI से IT सेक्टर में बड़ा उछाल संभव, मोतीलाल ओसवाल ने सुझाए 4 प्रमुख स्टॉक्स

AI से IT सेक्टर में बड़ा उछाल संभव, मोतीलाल ओसवाल ने सुझाए 4 प्रमुख स्टॉक्स

मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि AI भारतीय IT सेक्टर में अगले साल बड़ा उछाल ला सकता है। HCLTech, Tech Mahindra, Hexaware और Coforge जैसी कंपनियां इस बदलाव से सबसे अधिक लाभ उठाएंगी।

IT Share: मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज का मानना है कि भारतीय आईटी सेक्टर में अगला बड़ा उछाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के कारण आएगा। भले ही फिलहाल टेक्नोलॉजी पर खर्च कमजोर है और तुरंत सुधार के साफ संकेत नहीं दिख रहे हैं, लेकिन ब्रोकरेज का कहना है कि AI से जुड़ी सेवाओं की मांग धीरे-धीरे आकार ले रही है। कंपनियां अब AI को केवल प्रयोग के तौर पर नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर बिजनेस में अपनाने की तैयारी कर रही हैं।

कंपनियों को AI से सबसे ज्यादा फायदा

मोतीलाल ओसवाल ने इस नई मांग का फायदा उठाने के लिए कुछ प्रमुख कंपनियों को चुना है। बड़ी आईटी कंपनियों में HCLTech और Tech Mahindra को अपनी पसंद बताया गया है। वहीं मिडकैप कंपनियों में Hexaware और Coforge को AI थीम पर मजबूत प्लेयर माना गया है। इन कंपनियों के पास AI से जुड़े प्रोजेक्ट्स को अपनाने और अपने क्लाइंट्स को नई तकनीक के माध्यम से समाधान देने की क्षमता है।

AI सेवाओं के शुरुआती संकेत

ब्रोकरेज के अनुसार, OpenAI और Claude जैसी बड़ी AI कंपनियां अब भारतीय आईटी कंपनियों के साथ सहयोग कर रही हैं। इसका मतलब है कि AI सिर्फ मशीन या सॉफ्टवेयर तक सीमित नहीं रह गई है। AI से जुड़ी सेवाएं और समाधान अब बड़े स्तर पर शुरू हो रहे हैं। आने वाले छह महीनों में ऐसे सहयोग और बढ़ सकते हैं। 2026 से AI से जुड़े काम और तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।

AI से कमाई कब होगी शुरू

मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि अभी के कुछ महीनों में आईटी सेक्टर पर दबाव बना रह सकता है। क्लाइंट खर्च टाल रहे हैं और 2026 के बजट का इंतजार कर रहे हैं। जनवरी 2026 के बाद नई प्लानिंग साइकल शुरू होगी। इसके बाद 2026 की दूसरी छमाही में कंपनियां AI प्रोजेक्ट्स को पायलट से आगे बढ़ाकर बड़े पैमाने पर लागू करेंगी। 2027 की दूसरी छमाही में इन AI डील्स का असर कंपनियों की कमाई में दिखने लगेगा। 2028 तक AI सेवाएं पूरे सेक्टर की ग्रोथ को तेज कर सकती हैं।

GenAI से पुराने काम घटेंगे

ब्रोकरेज का कहना है कि GenAI आने से कुछ पुराने काम जैसे सॉफ्टवेयर बनाना और उसका मेंटेनेंस धीरे-धीरे कम होंगे। अगले तीन-चार साल में इन कामों से होने वाली कमाई में करीब 10 से 12 प्रतिशत की कमी आ सकती है। हालांकि AI को अपनाने, सिस्टम में जोड़ने और डेटा से जुड़े नए काम तेजी से बढ़ेंगे। मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि क्लाउड टेक्नोलॉजी की तरह AI भी शुरुआती चुनौती के बाद पूरे सेक्टर की कमाई और बढ़ाएगा।

बड़ी और मिडकैप कंपनियों में मुकाबला

AI से काम करने का तरीका आसान और ऑटोमेटेड होगा। इससे बड़ी आईटी कंपनियों की पहले से मौजूद बढ़त कुछ कम हो सकती है। ऐसे में मिडकैप कंपनियों, जिनकी इंडस्ट्री की समझ मजबूत है और जिनकी अच्छी पार्टनरशिप है, उनके लिए मुकाबला करना आसान होगा। लेकिन बड़े और जटिल प्रोजेक्ट अभी भी ज्यादातर बड़ी कंपनियों के पास ही जाएंगे।

मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि आईटी सेक्टर की कमजोर मांग, कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजना और डील्स में देरी जैसी बुरी खबरें पहले ही शेयर के दामों में दिख चुकी हैं। अगर हालात और ज्यादा खराब नहीं होते, तो अब शेयरों में ज्यादा गिरावट आने की संभावना कम है। ब्रोकरेज के मुताबिक तीसरी तिमाही में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। असली स्थिति मार्च–अप्रैल 2026 में साफ होगी, जब कंपनियां 2026 के लिए अपना IT बजट तय करेंगी और AI से जुड़े शुरुआती नतीजे सामने आएंगे।

Leave a comment