Red Planet Day 2026: क्यों मनाया जाता है लाल ग्रह दिवस, जानें इसका इतिहास और मंगल ग्रह से जुड़ी रोचक बातें

हर साल 28 नवंबर को लाल ग्रह दिवस मनाया जाता है। जानें इस दिवस का इतिहास, महत्व, मंगल ग्रह के लाल रंग की वजह, भारत के मंगलयान और अंतरिक्ष से जुड़े रोचक तथ्य।
Red Planet Day 2026: क्यों मनाया जाता है लाल ग्रह दिवस, जानें इसका इतिहास और मंगल ग्रह से जुड़ी रोचक बातें

हर साल 28 नवंबर को लाल ग्रह दिवस मनाया जाता है। यह दिन मंगल ग्रह की खोज से जुड़े ऐतिहासिक अंतरिक्ष अभियान की याद दिलाता है। इसका उद्देश्य लोगों में अंतरिक्ष विज्ञान और मंगल ग्रह के प्रति रुचि बढ़ाना है।

Red Planet Day 2026: सौरमंडल में पृथ्वी के अलावा जिस ग्रह को लेकर वैज्ञानिकों की सबसे ज्यादा उत्सुकता रही है, वह मंगल है। कभी यहां पानी बहता था या नहीं, क्या इस ग्रह पर जीवन मौजूद था और क्या भविष्य में इंसान यहां रह सकेंगे, ऐसे कई सवालों के जवाब वैज्ञानिक तलाश रहे हैं। मंगल ग्रह से जुड़ी खोजों और अंतरिक्ष विज्ञान की उपलब्धियों को याद करने के लिए हर साल 28 नवंबर को लाल ग्रह दिवस मनाया जाता है। इस बार यह दिवस शनिवार को पड़ रहा है।

28 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है लाल ग्रह दिवस?

लाल ग्रह दिवस का इतिहास साल 1964 से जुड़ा है। इसी साल 28 नवंबर को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने मेरिनर-4 (Mariner 4) नामक अंतरिक्ष यान लॉन्च किया था। इस अभियान का उद्देश्य मंगल ग्रह के करीब पहुंचकर उसकी सतह और वातावरण के बारे में जानकारी जुटाना था।

Red Planet Day 2026: क्यों मनाया जाता है लाल ग्रह दिवस, जानें इसका इतिहास और मंगल ग्रह से जुड़ी रोचक बातें

करीब आठ महीने की यात्रा के बाद 14 जुलाई 1965 को यह अंतरिक्ष यान मंगल ग्रह के पास पहुंचा। इस अभियान के दौरान मंगल की सतह की 22 तस्वीरें ली गईं। इन तस्वीरों में ग्रह की सतह पर बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई दिए। इससे पहले वैज्ञानिकों के पास मंगल की सतह को लेकर इतनी स्पष्ट जानकारी नहीं थी।

मेरिनर-4 की सफलता के बाद मंगल ग्रह के अध्ययन के लिए कई अन्य अंतरिक्ष अभियान शुरू हुए। इसी ऐतिहासिक मिशन की याद में 28 नवंबर को अनौपचारिक रूप से रेड प्लैनेट डे मनाया जाता है।

मंगल को लाल ग्रह क्यों कहा जाता है?

मंगल सूर्य से चौथे स्थान पर मौजूद ग्रह है। इसकी सतह पर लौह खनिज काफी मात्रा में पाए जाते हैं। इनके ऑक्सीकरण से आयरन ऑक्साइड बनता है, जिसके कारण मंगल की मिट्टी और धूल लाल रंग की दिखाई देती है। यही वजह है कि इसे लाल ग्रह कहा जाता है।

मंगल का आकार पृथ्वी के मुकाबले लगभग आधा है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ग्रहों पर एक दिन की अवधि में ज्यादा अंतर नहीं है। मंगल पर एक दिन करीब 24 घंटे 37 मिनट का होता है। हालांकि, सूर्य का एक चक्कर पूरा करने में मंगल को पृथ्वी के लगभग 687 दिन लगते हैं।

मंगल के दो प्राकृतिक उपग्रह भी हैं, जिन्हें फोबोस और डीमोस के नाम से जाना जाता है।

मंगल ग्रह पर मौजूद हैं सौरमंडल की अनोखी संरचनाएं

मंगल ग्रह पर ओलंपस मॉन्स नाम का एक विशाल ज्वालामुखी है। इसे सौरमंडल का सबसे बड़ा ज्वालामुखी माना जाता है। इसके अलावा यहां वैलेस मेरिनेरिस नाम की विशाल घाटी भी मौजूद है, जिसकी लंबाई करीब चार हजार किलोमीटर है।

मंगल का वातावरण पृथ्वी की तुलना में काफी पतला है और इसमें मुख्य रूप से कार्बन डाइऑक्साइड मौजूद है। ग्रह पर धूल भरी आंधियां भी आती हैं। कई बार इनका विस्तार इतना ज्यादा होता है कि ये ग्रह के बड़े हिस्से को ढक लेती हैं।

वैज्ञानिकों को मंगल पर प्राचीन नदियों और झीलों के निशान मिले हैं। यहां पानी की बर्फ भी मौजूद है। हालांकि, मंगल पर जीवन होने की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।

भारत ने भी मंगल ग्रह की खोज में रचा इतिहास

मंगल ग्रह के अध्ययन में भारत की उपलब्धि भी बेहद खास है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने 5 नवंबर 2013 को मंगलयान लॉन्च किया था। करीब दस महीने की यात्रा के बाद 24 सितंबर 2014 को मंगलयान ने सफलतापूर्वक मंगल की कक्षा में प्रवेश किया।

भारत ने अपने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की थी। छह महीने के लिए तैयार किया गया मंगलयान कई वर्षों तक वैज्ञानिक जानकारियां भेजता रहा।

Leave a comment