उत्तर भारत में 25 नवंबर से अगहन का महीना शुरू हो गया है। धार्मिक परंपराओं में इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आराधना, गीता पाठ, तुलसी पूजा और जरूरतमंदों को दान देने का विशेष महत्व है।
Margashirsha Maas 2026: कार्तिक पूर्णिमा के बाद हिंदू पंचांग का नौवां महीना मार्गशीर्ष शुरू हो गया है। इसे अगहन के नाम से भी जाना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों के लिए यह महीना विशेष माना जाता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भी इसका उल्लेख मिलता है। इस दौरान सुबह स्नान, मंत्र जाप, तुलसी पूजा और धार्मिक कार्य करने की परंपरा है।
भगवान श्रीकृष्ण को क्यों प्रिय है अगहन का महीना?
श्रीमद्भगवद्गीता के दसवें अध्याय में भगवान श्रीकृष्ण ने मार्गशीर्ष का उल्लेख करते हुए कहा है, 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्'। इसका अर्थ है कि सभी महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। इसी वजह से कृष्ण भक्तों के बीच अगहन का खास महत्व है।
![]()
भागवत पुराण में भी इस महीने से जुड़ी एक कथा मिलती है। इसके अनुसार, ब्रज की गोपियों ने श्रीकृष्ण को पति के रूप में पाने की कामना से मां कात्यायनी का व्रत रखा था।
उत्तर भारत में प्रचलित पूर्णिमांत पंचांग के अनुसार, इस बार मार्गशीर्ष का महीना 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक रहेगा। विवाह पंचमी, मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती जैसे धार्मिक पर्व भी इस दौरान पड़ते हैं।
मार्गशीर्ष में इस तरह करें श्रीकृष्ण की पूजा
सुबह स्नान करने के बाद घर के पूजा स्थल की सफाई करें। भगवान श्रीकृष्ण को फूल, चंदन और तुलसी दल चढ़ाएं। जिन घरों में लड्डू गोपाल विराजमान हैं, वहां उन्हें साफ वस्त्र पहनाकर माखन और मिश्री का भोग लगा सकते हैं।
भगवान के सामने घी का दीपक जलाएं और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। पूजा के बाद आरती उतारें और परिवार के सदस्यों को प्रसाद दें। रोजाना कुछ समय निकालकर गीता के श्लोक पढ़ें और उनका अर्थ समझने की कोशिश करें।
शाम के समय तुलसी के पास दीपक जलाने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस महीने श्रद्धापूर्वक भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की उपासना करना शुभ माना जाता है।
मार्गशीर्ष मास में क्या करें और किन बातों से बचें?
अगहन के दिनों में ठंड बढ़ने लगती है। ऐसे में जरूरतमंद लोगों को कंबल, गर्म कपड़े और भोजन देना अच्छा माना जाता है। अपनी क्षमता के अनुसार अन्नदान और गौ सेवा भी कर सकते हैं।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, इस महीने सात्विक भोजन करना चाहिए। मांसाहार, मदिरापान, क्रोध और आपसी विवाद से दूर रहने की सलाह दी जाती है। पूजा-पाठ के साथ अपने व्यवहार में भी संयम रखना चाहिए।







